कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा नवागंतुक सीएमओ के पदभार ग्रहण करने संबंधित जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति
*नवागंतुक सीएमओ डॉ शिशिर पुरी ने संभाला पदभार*
*मातृ एवं बाल स्वास्थ्य, मुख्यमंत्री हेल्थ डैशबोर्ड, संस्थागत प्रसव और टीकाकरण पर दिया जाएगा विशेष ध्यान- सीएमओ*
*उच्च जोखिम की गर्भावस्था वाली महिलाओं की सुरक्षित प्रसव होने तक होगी सघन निगरानी*
*झांसी दिनांक 2 जून 2026*
शासन द्वारा किए गए स्थानांतरण के फलस्वरुप स्वास्थ्य विभाग में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर नव आगंतुक सीएमओ डॉ शिशिर पुरी द्वारा आज कार्यालय में पदभार ग्रहण कर लिया गया। पदभार ग्रहण करते हुए डॉ शिशिर पुरी ने अपनी प्राथमिकताएं भी तय कर ली हैं। मातृ एवं बाल स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव एवं टीकाकरण पर विशेष ध्यान दिए जाने के महत्व के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि जनपद की सभी गर्भवती महिलाओं का शीघ्र पंजीकरण, सभी गर्भवती महिलाओं की पूरी गर्भावस्था में कम से कम 6 बार प्रसवपूर्व जांच, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अन्तर्गत चिकित्सक द्वारा जांच, सुरक्षित संस्थागत प्रसव तथा प्रसव के पश्चात 42 दिनों तक फॉलोअप किया जाना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही नवजात शिशु की सुरक्षा हेतु नियमित टीकाकरण अभियान के अंतर्गत शत प्रतिशत नवजात शिशुओं, शून्य से 5 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों के साथ ही किशोर-किशोरियों का टीकाकरण होना भी जरूरी है। यह कार्य प्राथमिकता पर रहेंगे तथा सभी कार्यक्रमों की गहन समीक्षा व अनुश्रवण किया जाएगा।
इसी प्रकार प्रसवपूर्व जांच के समय चिन्हित की गई उच्च जोखिम की गर्भावस्था वाली महिलाओं की सुरक्षित प्रसव होने तक सघन निगरानी कराई जाएगी, जिससे मां एवं बच्चा दोनों स्वस्थ रह सकें। उन्होंने सभी चिकित्सा अधीक्षक व प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री हेल्थ डैशबोर्ड, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, एचआरपी ट्रैकिंग व मैनेजमेंट, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, एचपीवी टीकाकरण, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य जैसे शासन की प्राथमिकताओं के बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। चिकित्सालय में कार्यरत सभी कर्मचारियों द्वारा मरीजों एवं तीमारदारों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए। आवश्यक औषधि सूची के अनुसार सभी औषधियां चिकित्सालय में उपलब्ध हों और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं।
डॉ शिशिर पुरी इसके पूर्व जनपद औरैया में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्यरत रहे हैं।
