Headlines

पेयजल पाइपलाइन न बिछने से क्षेत्रवासियों में आक्रोश, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने प्रशासन को दिया 10 दिन का अल्टीमेटम

पेयजल पाइपलाइन न बिछने से क्षेत्रवासियों में आक्रोश, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने प्रशासन को दिया 10 दिन का अल्टीमेटम

अमृत योजना के तहत निषाद नगर और अंजनी हनुमान मंदिर क्षेत्र में अब तक शुरू नहीं हुआ कार्य, हैंडपंप के सहारे पानी भरने को मजबूर हैं लोग

झांसी। शहर के वार्ड संख्या 50 के अंतर्गत बड़ागांव गेट बाहर स्थित डड़ियापुरा के निषाद नगर और अंजनी हनुमान मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। अमृत योजना के तहत पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी है। क्षेत्रवासियों की समस्या को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद एडवोकेट किशोरी प्रसाद रायकवार ने नगर मजिस्ट्रेट को चेतावनी पत्र सौंपते हुए शीघ्र पाइपलाइन बिछाने की मांग उठाई। उन्होंने प्रशासन को समस्या के समाधान के लिए 10 दिन का समय दिया है।

नगर मजिस्ट्रेट को सौंपे गए पत्र में एडवोकेट किशोरी प्रसाद रायकवार ने बताया कि निषाद नगर के सामने ट्यूबवेल मौजूद है और उसके समीप ही पानी की नई टंकी का निर्माण भी कराया जा चुका है। इसके बावजूद क्षेत्र के लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालात यह हैं कि स्थानीय नागरिकों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। गर्मी हो या सामान्य दिन, पेयजल की समस्या से लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आसपास के कई मोहल्लों में अमृत योजना के अंतर्गत पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कराया जा चुका है, लेकिन निषाद नगर और अंजनी हनुमान मंदिर के आसपास का क्षेत्र अब तक इस सुविधा से वंचित है। इस संबंध में क्षेत्रवासियों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

एडवोकेट रायकवार ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व सांसद अनुराग शर्मा और क्षेत्रीय विधायक की ओर से भी इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग को पत्राचार किया गया था। इसके बाद अधिकारियों द्वारा जांच कराकर अमृत योजना के फेज-2 में पाइपलाइन बिछाने का कार्य स्वीकृत होने पर काम शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था। बावजूद इसके करीब छह माह का समय बीतने के बाद भी मौके पर कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। इससे क्षेत्रवासियों में प्रशासन और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने प्रशासन को 10 दिन का अंतिम अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर निषाद नगर और अंजनी हनुमान मंदिर क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो स्थानीय नागरिकों को साथ लेकर जल निगम निर्माण शाखा के अधिशासी अभियंता एवं अवर अभियंता के खिलाफ व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आंदोलन के दौरान अधिकारियों को कार्यालय में बैठकर सामान्य रूप से कार्य नहीं करने दिया जाएगा।

इस संबंध में दिए गए चेतावनी पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी एवं जल निगम के उच्चाधिकारियों को भी भेजी गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग 10 दिन के भीतर क्षेत्रवासियों की पेयजल समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *