बिजौली तालाब में जल पर लहराया तिरंगा, ‘नौका तिरंगा यात्रा’ बनी देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
झाँसी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर झाँसी के बिजौली में स्किल्ड इंडिया सोसाइटी द्वारा आयोजित ‘नौका तिरंगा यात्रा’ ने राष्ट्रभक्ति का ऐसा मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया, जिसने हर किसी का मन गर्व से भर दिया। जल की लहरों पर शान से लहराते तिरंगे, गूंजते देशभक्ति के नारे और उत्साह से भरे प्रतिभागियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। यह अनूठी यात्रा जल, थल और नभ—तीनों को तिरंगे की आभा से सराबोर करती नजर आई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष हेमन्त सिंह परिहार ने कहा कि जल पर निकाली गई यह तिरंगा यात्रा केवल एक सांकेतिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को सुदृढ़ बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
स्किल्ड इंडिया सोसाइटी के डायरेक्टर नीरज सिंह ने अपने संबोधन में जलाशयों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश देते हुए कहा कि देश के प्रति सच्ची जिम्मेदारी तभी पूरी होती है, जब हम प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा को भी अपना कर्तव्य समझें। उन्होंने सभी से जल स्रोतों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर निर्मल कुशवाहा (मंडल अध्यक्ष, भाजपा), किशोरी रायकवार (पूर्व जिला मंत्री, भाजपा), रिंकू वंशकार, धर्मेंद्र पाठक (मंडल महामंत्री), सत्य प्रकाश राजपूत, राजेश राजपूत, मोनू परिहार, मोनू कुशवाहा, मुकेश ठेकेदार, मोहित परिहार, मनोज प्रजापति, रिंकू राय, सोमेश, योगेश कुमार, दयाराम, आत्माराम, सुरेश, महेश, दिनेश, आकाश, राजदीप, राहुल परिहार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, युवा और राष्ट्रप्रेमी उपस्थित रहे।
अंत में पूर्व पार्षद किशोरी रायकवार ने सभी का आभार व्यक्त किया ।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। ‘नौका तिरंगा यात्रा’ ने स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए यह संदेश दिया कि देशभक्ति केवल भावनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता और राष्ट्रीय दायित्वों के निर्वहन से भी सशक्त होती है।
