कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा निरीक्षण से संबंधित जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति
*सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने सीएचसी गुरसरांय का किया औचक निरीक्षण*
*स्टाफ नर्स और एक्स-रे टैक्नीशियन मिले अनुपस्थित*
*स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश*
*झांसी 28 जुलाई 2026*
मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ शिशिर पुरी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुरसरांय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, अभिलेखों तथा विभिन्न कक्षों की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय अधीक्षक गुरसराय डॉ ओ पी राठौर, डॉ हरनारायण, डॉ विपिन कुमार, श्री पी के राव सहित स्टाफ उपस्थित मिला, परंतु स्टाफ नर्स श्री हर्ष नारायण तथा एक्स-रे टेक्नीशियन श्री पुष्पेन्द्र कुमार बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने दोनों कर्मचारियों का संबंधित अवधि का वेतन काटने तथा स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष में भर्ती प्रसूता और उनके तीमारदारों से बात की और एक्स-रे कक्ष में मरीजों और उनके तीमारदारों से जानकारी प्राप्त की गई। मरीजों ने बताया कि प्रसव संबंधी ऑपरेशन तथा एक्स-रे सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। पैथोलॉजी कक्ष में वर्तमान में 18 प्रकार की जांचें संचालित पाई गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी जांच रिपोर्टों को शत-प्रतिशत एलआईएस (Laboratory Information System) के माध्यम से जारी किए जाने के निर्देश दिए।
ओपीडी निरीक्षण के समय चिकित्सक डॉ. हरनारायण राजपूत एवं डॉ. विपिन कुमार बिना एप्रन के मरीजों का उपचार करते पाए गए। साथ ही ओपीडी पंजिका में मरीजों की प्रोविजनल डायग्नोसिस एवं दी गई दवाइयों का विवरण दर्ज न होने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अभिलेखों को नियमित एवं पूर्ण रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अल्ट्रासाउंड कक्ष का भी निरीक्षण किया।रेडियोलॉजिस्ट के अभाव में वर्तमान में केवल गर्भवती महिलाओं (एएनसी) के अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं तथा रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति होते ही नियमित अल्ट्रासाउंड सेवाएं प्रारंभ कर दी जाएंगी। दंत रोग कक्ष के निरीक्षण के समय दंत चिकित्सक अवकाश पर थे। वहीं जन औषधि केन्द्र निरीक्षण के समय बंद मिला, संचालक को तत्काल मौके पर बुलाया गया एवं संचालक को चिकित्सालय के निर्धारित समयानुसार नियमित रूप से जन औषधि केन्द्र संचालित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर के बाहर जंग लगी एवं खराब व्हीलचेयर रखी पाई गईं, जबकि इमरजेंसी वार्ड में डस्टबिन उपलब्ध नहीं था और साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली, जिस पर सीएमओ ने अधीक्षक को अस्पताल परिसर की साफ-सफाई नियमित रूप से सुनिश्चित करने, सभी कमियों को तत्काल दूर करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में एआरओ श्री आर एम मौर्या उपस्थित रहे।
