झांसी के केतन कुशवाहा को भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम की कमान

झांसी। हॉकी इंडिया ने आगामी जूनियर एशिया कप की तैयारियों को पुख्ता करने के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली चार मैचों की घरेलू श्रृंखला के लिए भारतीय अंडर-18 पुरुष टीम की घोषणा कर दी है। इस महत्वपूर्ण सीरीज के लिए उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के उभरते खिलाड़ी केतन कुशवाहा को टीम की कप्तानी सौंपी गई है।यह पूरी श्रृंखला 15 से 20 मई तक भोपाल स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सेंटर में खेली जाएगी। हॉकी इंडिया ने इस दौरे के लिए 24 सदस्यीय टीम का चयन किया है, जिसमें युवाओं के जोश और कौशल का संतुलन देखने को मिल रहा है।
घोषित टीम में गोलकीपिंग की जिम्मेदारी सावन कुमार, आयुष रजक और विशाल बड़ा के कंधों पर होगी। वहीं, डिफेंस को मजबूती देने के लिए अंश बहुत्रा, आशीष तानी पूर्ति, अरमान सोरेंग, दीपक प्रकाश टोप्पो, करण गौतम और करण धानुक को चुना गया है। मिडफील्ड में खेल को नियंत्रित करने का जिम्मा प्रेमचंद सोय, राहुल यादव और वरिंदर सिंह जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के पास होगा।
केतन कुशवाहा स्वयं फॉरवर्ड लाइन में खेलेंगे। उनके साथ आकाश दीप और शाहरूख अली विपक्षी टीम के घेरे में सेंध लगाने और गोल दागने की मुख्य भूमिका निभाएंगे।
केतन को कप्तानी मिलने की खबर से झांसी के खेल प्रेमियों और हॉकी हलकों में भारी उत्साह है।
केतन ने खेल विश्लेषक बृजेंद्र यादव से बातचीत में कहा कि ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ यह घरेलू सीरीज हमारी टीम के लिए जूनियर एशिया कप से पहले अपनी कमियों को सुधारने और अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने का बेहतरीन मौका साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *