*डीजल ट्रेनिंग सेंटर, डीजल शेड झांसी में संरक्षा संवाद का आयोजन*
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के आदेशानुसार तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन के निर्देशन में आज दिनांक 08.05.2026 को डीजल ट्रेनिंग सेंटर, डीजल शेड झांसी में सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी, झांसी की अध्यक्षता में संरक्षा संवाद (Safety Seminar) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 06 संरक्षा सलाहकारों सहित विभिन्न विभागों के सुपरवाइजर एवं उनके अधीनस्थ कर्मचारियों सहित कुल 50 रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
संरक्षा संवाद के दौरान विभिन्न विभागों के सुपरवाइजरों द्वारा सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कर्मचारियों को लेवल क्रॉसिंग पर बरती जाने वाली सावधानियों, कैटल रन ओवर (CRO) से बचाव एवं घटना उपरांत की जाने वाली कार्यवाही, ब्रेक जाम एवं हॉट एक्सल की पहचान तथा आवश्यक कार्रवाई के संबंध में अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त शंटिंग कार्य के दौरान किसी भी प्रकार के शॉर्टकट तरीके का प्रयोग न करने हेतु विशेष रूप से काउंसिलिंग की गई।
सेमिनार में लोड स्टेबलाइजेशन के दौरान की जाने वाली कार्यवाही, रोलिंग डाउन से बचाव के उपाय, समपार फाटकों पर सतर्कता, कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन, आग लगने के कारण एवं उससे बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विद्युतीकृत सेक्शन में कार्य करते समय अपनाई जाने वाली सावधानियों, H-Type Coupler तथा HOG प्रणाली के संबंध में भी कर्मचारियों को जानकारी दी गई। उपस्थित क्रू को SPAD (Signal Passed at Danger) से बचाव के संबंध में भी आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कर्मचारियों को “संरक्षा पहले” की शपथ दिलाई गई तथा सभी विभागों के सुपरवाइजरों एवं कर्मचारियों से “संरक्षा पहले, संरक्षा अंत तक, संरक्षा हर समय” के मूलमंत्र के साथ आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
