“मच्छर जैसा था वो। बिल्कुल दुबला-पतला। गरीब सा दिखने वाला। ऐसा था जैसे कोई फुटपाथ पर रहता हो। वो आया और उसने गोलीबारी शुरू कर दी। पहले तो सबको लगा कि कोई पटाखे फोड़ रहा है दिवाली के। लेकिन जब टाइगर की कार रुकी, और ड्राइवर दर्द से तड़पता हुआ बाहर निकला तो ख़ून का ढेर दिखाई दिया।”
ये बात बताई टाइगर श्रॉफ़ पर हमले की चश्मदीद सलमा शेख़ नामक महिला ने। सलमा शेख़ उस वक्त वहीं पर व्लॉग बना रही थी जब टाइगर की कार पर गोलीबारी की गई थी। सलमा शेख़ ने आगे बताया,”हम तो अपना व्लॉग बना रहे थे। हज़ारों व्लॉगर थे वहां। मैं व्लॉग ही बनाती हूं। पहले अमिताभ को शूट करती हूं। फिर टाइगर को। व और कुछ लोगों को।”
“ये लोग यहां फुटबॉल खेलते हैं। आज भी फुटबॉल खेलकर जब वो निकले तो सब उनका फोटो लेने लगे। जैसे ही वो मेन रोड पर आए तो पता चला कि एक लड़का गोली चला रहा है। किसी को कुछ समझ नहीं आया पहले तो। फिर गाड़ी रुकी। टाइगर बेटा नीचे लेट गया था। उन्हें कोई खरोंच भी नहीं आई।”
“लेकिन टाइगर के जो ड्राइवर साहब हैं, उनको कोहनी में गोली लगी। एक गोली हथेली के आर-पार हो गई। तो वो लोग जल्दी से पहले पुलिस स्टेशन गए। फिर नानावटी अस्पताल में आ गए। टाइगर के घर के लोग बाद में चले गए। टाइगर भी घर चले गए। मगर उनके ड्राइवर अस्पताल में ही हैं। वो तो रहेंगे ही। उनको गहरी चोट जो आई है।”
आपको बता दें कि कल शाम टाइगर श्रॉफ़ पर जानलेवा हमला हुआ। खबरों के मुताबिक़, हमले की ज़िम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है सोशल मीडिया पर जिसमें कोई खुद को अनिल पंडित बता रहा है और स्वीकार कर रहा है कि वो लॉरेंस गैंग का मेंबर है। उसने ही टाइगर श्रॉफ़ पर हमला कराया है।
उस ऑडियो में वो व्यक्ति सलमान खान को भी धमकी दे रहा है। उसने कहा है कि अगर सलमान खान लॉरेंस बिश्नोई व बिश्नोई समाज से माफ़ी नहीं मांगता तो उसको खत्म कर देंगे। टाइगर श्रॉफ़ को भी उन्होंने समझाया था। मगर टाइगर नहीं माना। फिल्म इंडस्ट्री में जो कोई भी सलमान खान के साथ काम करेगा, उसको जान से मार दिया जाएगा।
