Headlines

रायकवार समाज ने किया डॉ. महेश कश्यप का भव्य स्वागत एवं सम्मान

*डॉक्टरेट की मानद उपाधि मिलने पर लक्ष्मी गेट स्थित मंदिर परिसर में हुआ कार्यक्रम, विधानसभा चुनाव में समर्थन का दिया आश्वासन*

*झाँसी।* समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. महेश कश्यप को डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्राप्त होने के उपलक्ष्य में रायकवार समाज द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम लक्ष्मी गेट के पास स्थित रायकवार समाज के मंदिर परिसर में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में रायकवार समाज के लोगों ने फूल-मालाओं से डॉ. महेश कश्यप का जोरदार स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान मंदिर परिसर में काफी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। माहौल पूरी तरह से आत्मीयता और उत्साह से भरा रहा।

इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. महेश कश्यप ने कहा कि हमारा उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को प्राथमिकता देना तथा उसके सामाजिक, आर्थिक एवं सर्वांगीण कल्याण के लिए निरंतर कार्य करना है। समाज के हर वर्ग को सम्मान, अधिकार और अवसर दिलाना ही हमारी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से दबे-कुचले, पिछड़े और वंचित वर्गों के हक की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी यही संघर्ष जारी रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान रायकवार समाज के लोगों ने डॉ. महेश कश्यप को आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए अपना पूर्ण समर्थन एवं सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। समाज के लोगों ने कहा कि वे पार्टी को मजबूत करने के लिए हर संभव सहयोग करेंगे।

इस आत्मीय स्वागत एवं सम्मान के लिए डॉ. महेश कश्यप ने रायकवार समाज के सभी सम्मानित लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज की सेवा के लिए और अधिक ऊर्जा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *