*रेलवे स्वास्थ्य केंद्र, बांदा में प्राथमिक उपचार एवं लू से बचाव पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित*
उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल के अंतर्गत रेलवे स्वास्थ्य केंद्र, बांदा में आज दिनांक 28 अप्रैल 2026 को एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, झांसी मंडल डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा के मार्गदर्शन पर ACMS (अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक) डॉ.राहुल उपाध्याय के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बांदा रेलवे स्टेशन के विभिन्न विभागों से लगभग 50 से अधिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रशिक्षण ग्रहण किया I
शिविर का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों विशेष तौर पर रेल संचालन में तैनात फ्रंटलाइन कर्मचारियों को किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार करना है, ताकि वे न केवल अपनी बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर सकें तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार (First Aid) एवं सीपीआर (CPR) जैसी जीवन रक्षक तकनीकों के प्रति जागरूक रहें ।
प्रशिक्षण के दौरान चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को हृदय गति रुकने, बेहोशी, चोट लगने, जलने, रक्तस्राव आदि की स्थिति में तत्काल किए जाने वाले प्राथमिक उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सीपीआर की विधि का डेमो देकर कर्मचारियों को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे आपात स्थिति में किसी की जान बचाने में तत्परता और दक्षता सुनिश्चित की जा सके।
वर्तमान में बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए शिविर में लू (हीट स्ट्रोक) से बचाव के उपायों पर भी विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने कर्मचारियों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, हल्के एवं सूती वस्त्र पहनने तथा लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी। इसके अतिरिक्त, कार्यस्थल पर शीतल पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं सहकर्मियों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का भी आह्वान किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में सहायक होते हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के सक्रिय सहयोग एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
