श्री केशवपुर धाम का रजत जयंती महोत्सव 24 से *भव्य एवं दिव्य कलश यात्रा से होगी महोत्सव की शुरुआत

श्री केशवपुर धाम का रजत जयंती महोत्सव 24 से
*भव्य एवं दिव्य कलश यात्रा से होगी महोत्सव की शुरुआत
*पंच कुण्डीय सीताराम महायज्ञ, पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं संगीतमय श्री रामकथा के साथ होंगे विविध आयोजन झांसी। भक्ति की ज्योति एवं आस्था का पावन केंद्र श्री केशवपुर धाम के श्रद्धा, सेवा और भक्ति के 25 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने पर श्री केशवपुर धाम के पावन प्रांगण में भव्य एवं दिव्य रजत जयंती महोत्सव का आयोजन होगा। यह महोत्सव सोमवार 24 अगस्त से प्रारंभ होकर शुक्रवार 4 सितंबर तक चलेगा। उक्त आयोजन के संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में विस्तार से जानकारी देते हुए (गुरुजी) पं.बृजमोहन मिश्रा ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत सोमवार 24 अगस्त को प्रात: दस बजे से होगी। शोभायात्रा गुदरी बाजार गोला कुआं स्थित मां पूर्णेश्वरी मंदिर से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करती हुई आतियां तालाब स्थित अनीता विवाह घर पर पहुंचेगी, जहां से सभी बस द्वारा केशवपुर धाम के लिए प्रस्थान करेंगे।
आपने बताया कि धाम पर अखण्ड श्रीरामचरितमानस का पाठ, अखंड श्री सीताराम संकीर्तन एवं अखंड श्री हनुमान चालीसा का पाठ प्रारंभ होगा तथा अपरान्ह 3 बजे से व्यास गद्दी पूजन उपरांत संगीतमय श्रीराम कथा होगी। शोभायात्रा में 251 महिलायें सिर पर कलश धारण कर चलेंगी। उनके साथ संत महंत भगवानों के स्वरूप , घोड़ा बग्गी पर सवार होकर निकलेंगे तथा डीजे पर बजती धार्मिक धुनों के बीच युवाओं की टोली धर्म ध्वजा लेकर चलेगी। शोभायात्रा में हरियाणा से आ रही बीन बैंड पार्टी आकर्षण का केंद्र होगी। आपने बताया श्रीराम कथा के श्रेष्ठ वक्ता कामदगिरि पीठाधीश्वर जगतगुरु रामस्वरूपाचार्य चित्रकूट धाम होंगे, जिनके कोकिल कंठ से प्रतिदिन दोपहर में रसिक श्रद्धालुओं को संगीतमय श्रीराम कथा का रसास्वादन कराया जायेगा।मंगलवार 25 अगस्त को केशवपुर धाम में प्रातः 8 बजे पीठाधीश पूजन एवं मंडप प्रवेश, प्रात: 11 बजे शोभायात्रा उपरांत पंचकुंडीय श्री सीताराम महायज्ञ प्रारंभ तथा सायंकाल 8 बजे से श्री मेंहदीपुर बालाजी सरकार भजन संध्या होगी। बुधवार 26 अगस्त को सायं 8 बजे से हरदास यादव एंड पार्टी द्वारा राग एवं फाग गायन होगा। गुरुवार 27 अगस्त को सायं 8 बजे से बाबा खाटू श्याम भजन संध्या होगी। शुक्रवार 28 अगस्त को प्रातः 9 बजे से पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं अभिषेक होगा। शनिवार 29 अगस्त को ख्याल गायन एवं लोक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। रविवार 30 अगस्त को श्री खाती बाबा का अभिषेक एवं शिव रुद्राभिषेक तथा सायंकाल 8 बजे से श्री राम कलेवा का संगीत मय आयोजन होगा। आपने बताया कि सोमवार 31अगस्त से दो दिवसीय विशाल संत समागम तथा प्रवचन एवं मंगलवार 1 सितम्बर को विशाल कन्या भोज कराया जायेगा। बुधवार 2 सितम्बर को सायं 6 बजे से बुंदेली वाद्ययंत्र ढाक एवं गोटों का मुकाबला होगा। गुरुवार 3 सितम्बर को छप्पन भोग, फूल बंगला दर्शन, दोपहर 2 बजे बाबा की महाआरती होगी तथा सायंकाल 4 बजे से राजेन्द्र सिंह गुर्जर एंड पार्टी द्वारा लोकगीत संध्या का आयोजन होगा। शुक्रवार 4 सितंबर को उनाव बालाजी हेतु शिवलिंग विसर्जन शोभायात्रा एवं समापन उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन होगा जो हरि इच्छा तक चलेगा तथा भंडारे में लाखों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान राजकुमार साहू,आमोद किलपन, प्रमोद गंधी,विनोद साहू,अनूप सहगल, राजा गहोई, लखन राजपूत,पुष्पेंद्र सेन दतिया,राहुल सोनी, नितिन साहू,राजेश शर्मा, राघव‌ किलपन, एकांश‌ मिश्रा, सत्यम साहू,डा.प्रदीप पाण्डेय, धर्मेंद्र साहू, अंकित साहू, टी वी करमकर, पवन,संजय कंचन,सनी साहू,अमित गंधी एवं महिला मंडल की ओर से श्रीमती साधना मिश्रा, मनीषा सोनी, सीमा कंचन,उमा साहू मौजूद रहे। संचालन अनूप सहगल एवं प्रमोद गंधी ने संयुक्त रुप से किया। अंत में बैकुंठ प्रसाद चतुर्वेदी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *