10 दिवसीय मेकअप कार्यशाला का भव्य समापन, प्रतिभाओं को डॉ. संदीप ने किया सम्मानित
झाँसी। आर्यन मेकअप मंत्रा, ग्वालियर रोड, झांसी एवं आदर्श पब्लिक इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय मेकअप कार्यशाला का समापन समारोह गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सौंदर्य कला, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. संदीप सरावगी तथा विशिष्ट अतिथि दीपमाला कुशवाहा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेकअप केवल सौंदर्य संवर्धन का माध्यम नहीं, बल्कि सृजनात्मक अभिव्यक्ति और आत्मनिर्भरता का सशक्त साधन भी है। उन्होंने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर अभ्यास एवं नवाचार पर बल दिया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने अपने-अपने मॉडलों पर आधुनिक मेकअप तकनीकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रत्येक प्रस्तुति में कलात्मक सौंदर्य, तकनीकी दक्षता और रचनात्मक सोच का प्रभाव स्पष्ट दिखाई दिया। प्रतिभागियों की उत्कृष्ट प्रतिभा के कारण निर्णायक मंडल के लिए विजेताओं का चयन अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा। सूक्ष्म तकनीकी मूल्यांकन के उपरांत कृष्ण यादव को प्रथम, खुशबू कुशवाहा को द्वितीय तथा मोहिनी अहिरवार को तृतीय स्थान प्रदान किया गया।
समारोह के अंत में हेमंत कुशवाह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी प्रेरित करती हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आर्यन मेकअप मंत्रा के निदेशक संजीव कुमार विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर रिंकी कुशवाहा, सचिन कुशवाहा, राहुल परिहार, आकाश, बबली, प्रथम, अनिकेत, मोहिनी, नैंसी एवं सीमा सहित संस्थान का समस्त स्टाफ एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
