कानपुर
बिल्हौर के अरौल थानाक्षेत्र अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना तब हुई जब बस एक्सप्रेसवे पर मोड़ के पास पहुंची। भोर का समय होने के कारण संभावना जताई जा रही है कि चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस पलटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल सीएचसी अरौल भेजा गया। इनमें से 15 की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
