*कोंच।* नगर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत के बीच डीएम राजेश कुमार पांडे और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने शुक्रवार दोपहर कोंच नगर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान कई पंपों पर अनियमितताएं मिलने पर अधिकारियों ने संचालकों को कड़ी फटकार लगाई और आवश्यक निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले शुक्ला पट्रोल पंप नदीगांव रोड का निरीक्षण किया, वहीं जब वह नारायण फिलिंग स्टेशन कमला नेहरू के सामने पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद डीजल नहीं दिया जा रहा है। अधिकारियों को बताया गया कि लगभग 4500 लीटर डीजल उपलब्ध होने के बावजूद उपभोक्ताओं को डीजल नहीं दिया जा रहा था। इस पर डीएम ने तत्काल संबंधित कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्टॉक होते हुए आपूर्ति रोकना गंभीर लापरवाही है और ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नासिर पेट्रोल पंप नदीगांव रोड नेशनल फिलिंग सेंटर और पंचानन चौराहा लौना रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर भी शिकायतें मिलीं। अधिकारियों ने सभी सेल्समैनों को बुलाकर स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हालत में उपभोक्ताओं को परेशान न किया जाए। उन्होंने कहा कि जो ग्राहक ड्रम लेकर आते हैं, उन्हें सीमित मात्रा में पेट्रोल दिया जाए तथा किसानों को भी आवश्यकता के अनुसार डीजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही ट्रैक्टर लेकर आने वाले किसानों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। देवगांव निवासी किसान मुकेश ने अधिकारियों से शिकायत की कि गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप पर उन्हें पिछले एक महीने से डीजल नहीं मिल रहा है, जिससे खेती कार्य प्रभावित हो रहा है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित पंप संचालक के खिलाफ जांच के निर्देश दिए। इंडियन ऑयल बजरंग बली पंप, एसके लौना रोड पर भी निरीक्षण किया गया। संचालकवल कृष्ण कुमार ने बताया कि शुक्रवार को डीजल का स्टॉक समाप्त हो गया है और नई गाड़ी आने का इंतजार किया जा रहा है। किसानों की लंबी लाइन लगी होने के बावजूद डीजल न मिलने से लोग वापस लौट रहे हैं। यहां पर हवा मशीन खराब पाई गई तथा ठंडे पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं थीं, जिस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। पंप पर मात्र 1100 लीटर डीजल शेष होने की जानकारी दी गई।
नगर में कुल 24 पेट्रोल पंप होने के बावजूद कई स्थानों पर डीजल की कमी की शिकायतें मिलीं। सागर चौकी स्थित नारायण फिलिंग स्टेशन पर लगभग 6296 लीटर डीजल स्टॉक होने के बावजूद वितरण नहीं किए जाने की शिकायत सामने आई। मैनेजर मोहित वर्मा पर उपभोक्ताओं को डीजल देने से मना करने का आरोप लगा, जिस पर अधिकारियों ने जांच के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पेट्रोल पंपों का हर आठ घंटे में निरीक्षण किया जाए तथा स्टॉक की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी या कृत्रिम संकट पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने भी चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों और जनता को परेशान करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद नगरवासियों ने राहत की सांस ली और उम्मीद जताई कि जल्द ही पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। इस दौरान आपूर्ति निरीक्षक मनोज तिवारी, नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह, सीओ परमेश्वर प्रसाद, कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह मौजूद रहे।
कोंच: डीजल की किल्लत के बीच डीएम एसपी का पेट्रोल पंपों पर छापा, अनियमितताओं पर लगी फटकार
