मानव बन जाए जग सारा, यह पावन संकल्प हमारा

भारतीय जीवन मूल्यों की पुनर्प्रतिष्ठापना और विश्वबंधुत्व की उदात्त भावना के प्रसार के लिए, “मानव बन जाए जग सारा, यह पावन संकल्प हमारा की मूल भावना के साथ वर्ष 2020 से कार्यरत अंतरराष्ट्रीय संस्था, हिंदी साहित्य भारती (पंजीकृत न्यास) के निर्णायक मंडल कोर समिति की एक दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय होटल द मारवलस के सभागार में आज संपन्न हुई।

बैठक में देश-विदेश से आए संस्था के संस्थापना से जुड़े वरिष्ठतम पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय निर्णायक समिति के सदस्य के रूप में अपनी सहभागीता दर्ज करायी।

चार विभिन्न सत्रों में संपन्न बैठक में संस्था के संगठन विस्तार, प्रभावी सदस्यता अभियान चलाए जाने, विविध प्रकोष्ठों के गठन, वार्षिक कार्यक्रमों के नियमित आयोजन, निधि संग्रह अभियान, प्रवास कार्यक्रमों की रूपरेखा तय किए जाने के साथ ही संस्था की आर्थिक व्यवस्था, सभी प्रदेश इकाईयों के बैंक खाता खोले जाने, संस्था के विभिन्न संचालित आयामों को और रोचक तथा प्रभावी बनाए जाने सम्बंधी बिंदुओं पर चर्चा की गई। संस्था के आगामी 16, 17 व 18 मई 2026 को शिर्डी महाराष्ट्र में आयोजित होने वाले पाँचवे अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन की सफलता हेतु महाराष्ट्र आयोजन इकाई के साथ समन्वय किए जाने हेतु एक सात सदस्यीय समिति को दायित्व सौंपा गया। उल्लेखनीय है कि देश के सभी राज्यों, केन्द्रशासित प्रदेशों के साथ ही 37 देशों में अपने संगठानात्मक ढाँचे के साथ काम कर रहीं हिंदी साहित्य भारती के शिष्टमंडल द्वारा बीते दिनों फिजी तथा नेपाल में की गई सांस्कृतिक संवर्धन यात्रा की सफलता के बाद आगामी 10 जून से एक सप्ताह की मॉरीशस देश की यात्रा प्रस्तावित है, जिसमें संस्था के देश-विदेश के तीस सदस्यों के द्वारा सहभागिता की जानी है।

आयोजित बैठक का शुभारम्भ भारत माता / माता सरस्वती की मूर्ति पर माल्यार्पण के उपरांत दीपप्रज्वलन व सरस्वती वंदना तथा संस्था के ध्येयगीत के गायन के साथ किया गया। निर्णायक समिति की बैठक संस्था के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवीन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक लक्ष्मीनारायण भाला ने संगठनात्मक बिंदुओं पर गहनता से चर्चा कर मार्गदर्शन प्रदान किया। बैठक में देश के प्रकांड गीतकार आचार्य देवेन्द्र देव, हंसराज कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रमा, सेवानिवृत आई.ए.एस डॉ. राजीव शर्मा, डॉ. रमासिंह जादौन, डॉ. सुधीर शर्मा, डॉ. रामेन्द्र सिंह, विदेश विभाग के डॉ संजय झा एवं वैभव वैद्य के साथ ही गुजरात से आए महर्षि शैलेश्वर स्वामी, डॉ. बलबहादुर त्रिपाठी, मोतीलाल गुप्ता, आचार्य श्री हरी, निशांत शुक्ल, संतोष शर्मा रुचि निवेदिता, वंदना अवस्थी, सौरभ शर्मा, मयूर गर्ग आनन्द्र उपाध्याय, राजदिपसिंह आदि की प्रमुख सहभागिता रही।

अंतरराष्ट्रीय महासचिव रामनिवास शुक्ल ने बैठक का प्रभावी संचालन किया। आभार प्रदर्शन संगठन महामंत्री प्रो विनोद मिश्र द्वारा किया गया। यह जानकारी आनन्द उपाध्याय, प्रभारी जनसंचार प्रकोष्ठ ने एक विज्ञाप्ति के माध्यम से दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *