खजुराहो रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी अभियान: बिना टिकट एवं गंदगी फैलाने वाले यात्रियों पर सख्त कार्रवाई, ₹ 2 लाख से अधिक जुर्माना वसूला*

*खजुराहो रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी अभियान: बिना टिकट एवं गंदगी फैलाने वाले यात्रियों पर सख्त कार्रवाई, ₹ 2 लाख से अधिक जुर्माना वसूला*

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के निर्देशन में दिनांक 19 मई 2026 को खजुराहो रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्रियों, अनाधिकृत वेंडर्स तथा स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के विरुद्ध व्यापक किलाबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखना, यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करना तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करना था।
अभियान के दौरान स्टेशन के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर टिकट चेकिंग स्टाफ, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं जीआरपी कर्मियों की विशेष तैनाती की गई। सघन जांच व्यवस्था के चलते बिना टिकट एक भी व्यक्ति स्टेशन परिसर में प्रवेश अथवा निकास नहीं कर सका। इस कार्रवाई से बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों में हड़कंप की स्थिति रही।
अभियान के अंतर्गत 05 ट्रेनों में व्यापक जांच की गई, जिनमें प्रमुख रूप से 19484 अहमदाबाद एक्सप्रेस, 22163 महामना एक्सप्रेस, 01025 बलिया स्पेशल तथा 19665 उदयपुर इंटरसिटी शामिल रहीं। विशेष रूप से महिला एवं दिव्यांग कोचों की भी गहन जांच की गई।
जांच के दौरान स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में गंदगी फैलाने, नियमों की अवहेलना करने तथा अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की गई। साथ ही यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने तथा रेलवे संपत्ति को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक भी किया गया। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी गंदगी फैलाने वालों एवं नियम उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
इसके अतिरिक्त स्टेशन स्थित खानपान स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा स्टेशन परिसर के सभी जलापूर्ति बिंदुओं पर पेयजल उपलब्धता की जांच कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया गया।
अभियान के दौरान 254 बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों से कुल ₹2,01,270/- का जुर्माना वसूला गया।
सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक श्री अभिजीत सिंह तोमर, अंशुल त्रिपाठी, प्रियंक पुरोहित, मनोज त्रिपाठी एवं दिनेश कुमार साहू सहित कुल आरपीएफ एवं जीआरपी के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
झांसी मंडल यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं बेहतर यात्रा अनुभव के लिए प्रतिबद्ध है।
यात्रियों से अनुरोध है कि वे वैध टिकट लेकर यात्रा करें, स्टेशन एवं ट्रेन परिसर को स्वच्छ रखें तथा खाद्य सामग्री केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *