विश्व पर्यावरण दिवस एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर एस.एम. टावर में वृक्षारोपण और मिष्ठान वितरण
झाँसी। विश्व पर्यावरण दिवस एवं उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर एस.एम. टावर सोसायटी झोकन बाग एवं संघर्ष सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण एवं मिष्ठान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोसायटी के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
इस अवसर पर एस एम टावर सोसायटी के सक्रिय सदस्य सुनील जयसवाल ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के आधार स्तंभ हैं। सोसायटी परिवार एवं डॉ. संदीप सरावगी द्वारा आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर सोसायटी के सभी लोगों ने मिष्ठान वितरण कर उनकी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश और प्रदेश के विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी कार्य कर रही है, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल एक दिवस मनाने का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। वृक्ष पृथ्वी के आभूषण हैं और मानव जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। यदि हम आज पर्यावरण की रक्षा करेंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व स्वस्थ जीवन का उपहार दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। उनके जन्मदिवस पर वृक्षारोपण जैसे पुण्य कार्य के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का प्रण लिया। अंत में मिष्ठान वितरण कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस की खुशियां साझा की गईं। इस अवसर पर अध्यक्ष जी ज्ञानेश नगरिया, सुनील जायसवाल, महेश पटेरिया, दीपक त्रिपाठी, धर्मेन्द्र कुमार, सुदर्शन शिवहरे, अनिल अडानी, अनुज प्रताप सिंह, संदीप नामदेव, मास्टर मुन्नालाल, राम सेवक अरजरिया, रिया वर्मा, अंजली विश्वकर्मा, सुशांत गुप्ता, बसंत गुप्ता, सिद्धांत गुप्ता, मोहित लक्ष्यकार सहित एस. एम. टावर परिवार एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
