ATVM मशीन से स्वयं अनारक्षित टिकट प्राप्त करें, समय बचाएं और कतारों से मुक्ति पाएं* *झाँसी मंडल ने अनारक्षित सेल्फ टिकटिंग के लिए चलाया जागरूकता अभियान*

*ATVM मशीन से स्वयं अनारक्षित टिकट प्राप्त करें, समय बचाएं और कतारों से मुक्ति पाएं*
*झाँसी मंडल ने अनारक्षित सेल्फ टिकटिंग के लिए चलाया जागरूकता अभियान*

यात्रियों को त्वरित एवं सुविधाजनक टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने तथा टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के उद्देश्य से झाँसी मंडल के 30 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर कुल 65 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस मशीन के माध्यम से यात्री स्वयं अनारक्षित (जनरल) टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट एवं सीजन टिकट नवीनीकरण आसानी से कर सकते हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा ने बताया कि ATVM मशीन का उपयोग अत्यंत सरल है। यात्री मशीन की स्क्रीन पर प्रदर्शित निर्देशों का पालन करते हुए अपने गंतव्य स्टेशन का चयन कर अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकते हैं। कई स्टेशनों पर ATVM मशीनों के माध्यम से डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे यात्रियों को नकदी रखने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
झाँसी मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे ATVM मशीनों का अधिकाधिक उपयोग करें। मशीन का उपयोग अत्यंत सरल है। यात्री निम्न चरणों का पालन कर स्वयं अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकते हैं—
ATVM मशीन के उपयोग की चरणबद्ध प्रक्रिया-
चरण 1 : भाषा का चयन करें
मशीन की स्क्रीन पर उपलब्ध विकल्पों में से हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा का चयन करें।

चरण 2 : टिकट का प्रकार चुनें
अपनी आवश्यकता अनुसार निम्न विकल्पों में से किसी एक का चयन करें—
अनारक्षित टिकट (Unreserved Ticket)
प्लेटफॉर्म टिकट (Platform Ticket)
सीजन टिकट नवीनीकरण (Season Ticket Renewal)

चरण 3 : गंतव्य स्टेशन चुनें
जिस स्टेशन तक यात्रा करनी है, उस गंतव्य स्टेशन का नाम अथवा स्टेशन कोड दर्ज कर चयन करें।

चरण 4 : यात्रा का विवरण दर्ज करें
वयस्क एवं बच्चों की संख्या दर्ज करें।
ट्रेन का प्रकार चुनें—साधारण (Ordinary), मेल/एक्सप्रेस अथवा सुपरफास्ट।
एकल यात्रा (Single Journey) अथवा आवश्यकतानुसार अन्य विकल्प का चयन करें।

चरण 5 : विवरण की समीक्षा करें
स्क्रीन पर प्रदर्शित गंतव्य स्टेशन, यात्रियों की संख्या, किराया एवं अन्य विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करें।

चरण 6 : भुगतान करें
स्मार्ट कार्ड, UPI, QR कोड अथवा उपलब्ध डिजिटल भुगतान माध्यम से भुगतान करें।

चरण 7 : टिकट प्राप्त करें
भुगतान सफल होने के बाद टिकट स्वतः प्रिंट होकर मशीन से प्राप्त हो जाएगा। यदि स्मार्ट कार्ड का उपयोग किया गया है, तो उसे वापस लेना न भूलें।

रेलवन मोबाइल ऐप से बुक टिकट का प्रिंट-
यदि किसी यात्री ने रेलवन मोबाइल ऐप के माध्यम से पेपर टिकट बुक किया है, तो वह ATVM मशीन पर “Print Booked Ticket” विकल्प चुनकर अपना मोबाइल नंबर अथवा बुकिंग विवरण दर्ज कर टिकट का प्रिंट प्राप्त कर सकता है।

रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे स्टेशन पर उपलब्ध ATVM मशीनों का उपयोग कर अपनी यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएं तथा टिकट काउंटरों पर लगने वाली अनावश्यक कतारों से बचें। आवश्यकता होने पर स्टेशन पर उपलब्ध रेलकर्मी अथवा ATVM सुविधा सहायक से सहायता प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *