ग्रामवासियों को उपलब्ध कराएं आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्वास्थ्य सेवाएं – डॉ शिशिर पुरी*

कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की समीक्षा बैठक से संबंधित जारी की गयी प

*मोंठ एवं गुरसराय के सीएचओ की हुई समीक्षा बैठक*

*ग्रामवासियों को उपलब्ध कराएं आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्वास्थ्य सेवाएं – डॉ शिशिर पुरी*

*प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्रत्येक 15 दिवस में करें वर्चुअल समीक्षा*

*विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों की हुई विस्तृत समीक्षा*

*झांसी दि- 20 जुलाई 2026*

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद झांसी के विकासखण्ड मोंठ एवं गुरसराय के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर तैनात सीएचओ की समीक्षा बैठक का आयोजन सीएमओ ऑफिस में किया गया, यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ शिशिर पुरी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के द्वारा व्यापक रूप से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं एएनएम की तैनाती है, जिनके द्वारा सामान्य रोगों की ओपीडी, मातृ-शिशु देखभाल, संक्रामक रोगों की जांच व उपचार, गैर संचारी रोगों (मधुमेह, हाइपरटेंशन, कैंसर) की जांच, संदर्भन एवं उपचार, किशोर स्वास्थ्य, परिवार नियोजन सामग्री की उपलब्धता एवं सेवा प्रदायगी, नियमित टीकाकरण सेवाएं आदि ग्रामवासियों को प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने बैठक में निर्देश दिए कि सभी ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सुनिश्चित करें कि चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं जनमानस को उपलब्ध हों। आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर तैनात सीएचओ के साथ प्रत्येक 15 दिवस पर वर्चुअल बैठक कर कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा पाक्षिक आधार पर करें। कार्य में लापरवाही बरतने वाले अथवा कम प्रगति वाले सीएचओ को चेतावनी जारी करें तथा सुधार परिलक्षित ना होने पर मानदेय रोकने की कार्यवाही की जाए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा बैठक में अनुपस्थित सीएचओ कल्पना यादव, अंकित जयमानी, जुनैद अहमद, कमल सिंह, मनोज कुमार, पवन प्रजापति एवं अलका पांडेय का 1 दिन का मानदेय रोकने एवं कार्य में लापरवाही बरतने वाले बुड़ेराकला, पूंछ प्रथम, एवनी प्रथम एवं अमगांव के सीएचओ को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए।

नोडल अधिकारी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एन के जैन ने सभी सीएचओ को एनसीडी स्क्रीनिंग, टेस्टिंग, ट्रीटमेंट का कार्य करते हुए ई-संजीवनी, ई-कवच, आईडीएसपी पोर्टल आदि पर समय से डेली रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रविशंकर द्वारा नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, डॉ उत्सव राज द्वारा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और आईएचआईपी, श्री रुपेश नामदेव द्वारा राष्ट्रीय क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम, डॉ मनीष खरे द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक, डीसीपीएम श्री प्रशांत वर्मा ने सीपीएचसी कार्यक्रम की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में डॉ एन के जैन, डॉ रविशंकर, डॉ उत्सव राज, डॉ ओ पी राठौर, डॉ एम पी राजपूत, डॉ मनीष खरे, श्री प्रशांत वर्मा, श्री मिर्जा रफीक, श्री सत्येंद्र तिवारी श्री राजेश सहित विकासखंड मोंठ एवं गुरसराय के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *