*पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत एवं झूलेलाल सिंधी सेवा मंडल के तत्वावधान में 40 दिवसीय चालीहा व्रत महोत्सव का भव्य शुभारंभ*
झांसी। पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत एवं झूलेलाल सिंधी सेवा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत भवन, रानी महल (सिंधी गुरुद्वारा) में सिंधी समाज की आस्था, श्रद्धा एवं धार्मिक परंपराओं के प्रतीक 40 दिवसीय चालीहा व्रत महोत्सव का श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ शुभारंभ किया गया। महोत्सव के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में समाज के श्रद्धालुजन उपस्थित रहे तथा संपूर्ण वातावरण भगवान झूलेलाल जी के जयघोष एवं भजनों से भक्तिमय हो उठा।
समाज के पुरोहित पंडित कपिल शर्मा ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सर्वप्रथम दिनेश कोडवानी एवं हर्षा कोडवानी से पूजन-अर्चन एवं कलश स्थापना कराकर महोत्सव का शुभारंभ कराया। इसके उपरांत रक्षा सूत्र बांधकर रोहित अशवानी, गुरप्रीत अशवानी, सिमरन बचवानी, अनु हीरवानी एवं श्वेता सिंघवानी ने पूरे विधि-विधान से 40 दिवसीय चालीहा व्रत का संकल्प लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान झूलेलाल से समाज की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं विश्व कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर पंडित कपिल शर्मा द्वारा 40 दिवसीय सहज पाठ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का शुभारंभ कराया गया। साथ ही सिंधी समाज की धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान झूलेलाल जी की अखंड ज्योति स्थापित की गई, जो पूरे चालीहा महोत्सव के दौरान निरंतर प्रज्ज्वलित रहेगी। तत्पश्चात भगवान झूलेलाल जी की विधिवत आरती, पल्लव एवं अरदास संपन्न हुई, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और भगवान झूलेलाल से सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत के अध्यक्ष हरीश हासानी, झूलेलाल सिंधी सेवा मंडल के अध्यक्ष आकाश खियानी, राम आहूजा, चंद्र प्रकाश नैनवानी, वासुदेव वाधवा, जय किशन फब्यानी, नितेश रंगलानी, अजय कुकरेजा, कलतार भंभानी, संजय सिंघवानी, रवि खेमचंदानी, पद्मा आहूजा, सुमन दलवानी, बेबी पारी, पार्वती सिंघवानी, कविता सिंघवानी, मुस्कान सिंघवानी, नीलू गोदवानी, वर्षा होतवानी सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि चालीहा व्रत सिंधी समाज की आस्था, तपस्या एवं भगवान झूलेलाल के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। यह 40 दिवसीय अनुष्ठान समाज में धार्मिक चेतना, सेवा, संस्कार, एकता एवं भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने समाज के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिदिन आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों, आरती, पल्लव, सहज पाठ एवं अन्य आयोजनों में सहभागिता करने का आह्वान किया।
महोत्सव के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भगवान झूलेलाल जी का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
दिनेश कोडवानी मीडिया प्रभारी
सिंधी समाज झांसी
