गुजरात से राजनीतिक चंदे को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सत्यवादी रक्षक पार्टी को वित्त वर्ष 2023-24 में 330 करोड़ रुपये से ज्यादा का चंदा मिला। हैरानी की बात यह है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में इस पार्टी ने सिर्फ एक उम्मीदवार मैदान में उतारा था।
‘आज तक’ के अनुसार, उनकी टीम जब अध्यक्ष स्वातीबेन के घर पहुंची तो उन्होंने कैमरे पर कई चौंकाने वाली बातें कहीं। स्वातीबेन का दावा है कि पार्टी अब बंद हो चुकी है और अगर उसके खाते में कोई चंदा आया है तो संभव है कि वह किसी को दान के तौर पर दिया गया हो।
रिपोर्ट के मुताबिक, जिस पार्टी को करोड़ों रुपये का चंदा मिला, उसके बड़े स्तर पर चुनाव प्रचार, आंदोलन, भाषण या रैलियां करने की कोई जानकारी सामने नहीं आई। इसके बावजूद पार्टी को 2023-24 में 330 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलने का दावा किया गया है।
आंकड़ों के मुताबिक, सत्यवादी रक्षक पार्टी को वित्त वर्ष 2022-23 में भी करीब 85 करोड़ रुपये का चंदा मिला था। अब इतने बड़े राजनीतिक चंदे और पार्टी की चुनावी गतिविधियों के बीच कथित अंतर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
