डॉ. संदीप सरावगी बोले- आध्यात्मिक सशक्तिकरण से ही बनेगा सुखी और खुशहाल समाज
मऊरानीपुर में ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक कार्यक्रम में उमड़ा श्रद्धा और संस्कृति का संगम
मऊरानीपुर। प्रांतीय मेला जल विहार के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, मऊरानीपुर शाखा द्वारा “आध्यात्मिक सशक्तिकरण द्वारा खुशहाल जीवन का निर्माण” विषय पर एक भव्य, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक चिंतन, सामाजिक सरोकार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मानवीय मूल्यों का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का तिलक, बैज एवं पट्टा पहनाकर आत्मीयता और गरिमापूर्ण ढंग से स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. संदीप सरावगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजयोगी बीके प्रकाश, डायरेक्टर ब्रह्माकुमारीज कल्याणपुर, कानपुर तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार भगवती प्रसाद सागर ने की।
मुख्य अतिथि डॉ. संदीप सरावगी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति की आत्मा सेवा, सम्मान, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना में निहित है। उन्होंने कहा कि “बहनों का सम्मान करना मेरा परम कर्तव्य है और समाज सेवा करना मेरा परम धर्म है। ब्रह्माकुमारीज की बहनों द्वारा समाज में आध्यात्मिक चेतना, आत्मिक शांति और मानवीय मूल्यों के प्रसार के लिए किया जा रहा कार्य अत्यंत सराहनीय है।”
उन्होंने कहा कि आज की तेज रफ्तार जिंदगी में मनुष्य भौतिक सुविधाओं के बीच कहीं न कहीं मानसिक शांति की तलाश कर रहा है। ऐसे समय में आध्यात्मिक ज्ञान व्यक्ति को स्वयं से परिचित कराता है और उसके भीतर सकारात्मकता, संयम तथा करुणा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि सुख केवल साधनों से नहीं, बल्कि संतुलित विचारों, पवित्र भावनाओं और सेवा की भावना से जन्म लेता है।
डॉ. सरावगी ने ब्रह्माकुमारीज संस्था के आध्यात्मिक एवं सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यदि समाज में प्रत्येक व्यक्ति अपने भीतर सकारात्मक परिवर्तन का संकल्प ले, तो परिवार से लेकर समाज तक वातावरण को अधिक शांतिपूर्ण और खुशहाल बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री भगवती प्रसाद सागर जी ने कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान से मिलने वाला आनंद और शांति जीवन की अमूल्य निधि है। उन्होंने कहा कि गलत ढंग से अर्जित किया गया धन व्यक्ति को वास्तविक सुख-शांति नहीं दे सकता।
उन्होंने कहा कि समय और संकल्प में अपार शक्ति होती है। प्रत्येक व्यक्ति को सभी के लिए शुभभावना और दुआ रखनी चाहिए, चाहे सामने वाला उसका विरोधी ही क्यों न हो। सुख और शांति का वास्तविक आधार पवित्रता है। उन्होंने आत्मा के आध्यात्मिक पोषण की तुलना शरीर के दैनिक भोजन से करते हुए परमात्मा की याद और ज्ञान को जीवन का आवश्यक आधार बताया तथा ब्रह्माकुमारीज के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
विशिष्ट अतिथि राजयोगी बीके प्रकाश भाई जी, डायरेक्टर ब्रह्माकुमारीज कल्याणपुर कानपुर ने मेला जल विहार के आध्यात्मिक अर्थ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल जीवन का आधार है और जल विहार हमें जीवन की निरंतरता एवं परिवर्तन की ओर भी संकेत करता है। उन्होंने कहा कि परिवर्तन एक सतत प्रक्रिया है, जो निरंतर चलती रहती है।
उन्होंने कहा कि यदि जीवन में स्वस्थ, संतुलित और खुशहाल रहना है तो परमात्मा का स्मरण और सकारात्मक चिंतन आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों को कानपुर स्थित एंजेल वर्ल्ड देखने के लिए आमंत्रित किया।
कार्यक्रम में बाल कलाकारों ने गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से “मोबाइल एक नशा है” विषय पर प्रस्तुत नृत्य-नाटिका ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रस्तुति के माध्यम से मोबाइल के बढ़ते दुरुपयोग और उसके कारण जीवन में उत्पन्न हो रही समस्याओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष शशि श्रीवास ने ब्रह्माकुमारी बहनों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ये बहनें समाज में आध्यात्मिक चेतना और सत्य ज्ञान का प्रकाश फैलाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि परमात्मा से जुड़कर मानव जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और खुशहाली का मार्ग प्रशस्त होता है।
इस दौरान कल्याणपुर प्रभारी बीके उमा दीदी, कल्याणपुर विकास नगर से बीके नीलम दीदी, ब्रह्माकुमारीज गांव गार्डन कानपुर की प्रभारी बीके ज्योति बहन ने परमात्मा के गीत एवं आध्यात्मिक संदेश प्रस्तुत किए। गुरसराय केंद्र प्रभारी बीके कविता दीदी एवं बरुआसागर केंद्र प्रभारी बीके उमा दीदी ने भी अपने मन के उद्गार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की संयोजिका राजयोगिनी बीके चित्रा दीदी ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी इसी प्रकार आध्यात्मिक आयोजनों में सहभागिता करते रहें और मानवता के कल्याण के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रदान करते रहें। कार्यक्रम का संचालन निवाड़ी केंद्र प्रभारी बीके रचना दीदी ने किया।
बीके रचना दीदी, बीके कल्याणी दीदी, बीके रेखा दीदी, बीके आरती दीदी, बीके वरदानी दीदी, बीके दीक्षा दीदी, दीनदयाल साहू, राधा अग्रवाल व्यापार मंडल अध्यक्ष, शिक्षकगण, शशि श्रीवास नगर पालिका अध्यक्ष, राजेंद्र राहुल समाजसेवी, महेंद्र कुमार गोस्वामी, मऊरानीपुर राधाकांत गोस्वामी झांसी, लखन लाल चतुर्वेदी, राष्ट्रकवि मदन मर्चेंट, वीरेंद्र अग्रवाल वरिष्ठ नेता, बीताराम श्रीवास निषाद राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा मोर्चा अपनी जनता पार्टी, गुड्डू प्रधान मऊ देहात, राज नारायण भाई बरुआसागर, लक्ष्मी प्रसाद बरुआसागर, शिवाजी झा, प्रवेश मौर्य, महेंद्र कुमार दीक्षित, भेशज कुमार चुरारी, रामलाल सेन मऊरानीपुर, शिवदयाल भाई, धर्मेंद्र कुशवाहा, विनोद साहू, महेश शंकर जिला अध्यक्ष अपनी जनता पार्टी, सुशील कुमार, राम सिंह खरे मऊरानीपुर, महेश चंद्र अग्रवाल, सुरेश लोहिया, कैलाश नारायण, मयंक अनुरागी, प्रदीप गुप्ता, सीताराम, कल्याण पटेल, दीपू गुप्ता, पवन गुप्ता, रवि कुमार कुशवाहा, सतेन्द्र राय, अंकिता, अनुष्का, गोरी, कल्याणी, परी, बेटू, आंशिक, आस्था, माही, हिमांशी, ट्विंकल, कृतिका, पलक, सक्षम, रौनक, आरोही, खुशी प्रजापति, सोमप्रकाश बबेले पूर्व पार्षद, वरुण बबेले एवं तरुण बबेले सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं ब्रह्माकुमारीज की राजयोगिनी बहनें उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन आध्यात्मिक संदेश, शुभकामनाओं और समाज में प्रेम, शांति, पवित्रता एवं सेवा की भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।
