संघर्ष सेवा समिति कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया रमा निरंजन का जन्मदिवस
समाजसेवा के कार्यों की सराहना, जनसेवा को लेकर आगे भी सक्रिय रहने का संकल्प
झाँसी। विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन अपने पति एवं प्रतिनिधि आर.पी. निरंजन के साथ संघर्ष सेवा समिति कार्यालय पहुंचीं। यहां समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया और केक काटकर जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस दौरान कार्यालय परिसर में बधाई एवं शुभकामनाओं का क्रम चलता रहा।
कार्यक्रम में सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। आर.पी. निरंजन ने संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वह लंबे समय से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सेवा और सहयोग की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने डॉ. सरावगी को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि समाज में ऐसे लोगों की आवश्यकता है, जो व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर जनसेवा को प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के साथ सामाजिक क्षेत्र में लगातार किए जा रहे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन रहे हैं। जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के ऐसे प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाए जाने की आवश्यकता है।
वहीं डॉ. संदीप सरावगी ने रमा निरंजन को बड़ी दीदी के समान बताते हुए कहा कि रमा निरंजन एवं आर.पी. निरंजन जनपद की राजनीति में एक सशक्त स्तंभ के रूप में अपनी पहचान रखते हैं। राजनीतिक दायित्वों के साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी सक्रियता भी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि दोनों के सहयोग से समिति के माध्यम से अब तक अनेक जरूरतमंद लोगों को विभिन्न प्रकार की सुविधाओं एवं सहायता का लाभ दिलाया जा चुका है।
डॉ. सरावगी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय से समाज के जरूरतमंद वर्ग तक योजनाओं एवं सहायता का लाभ आसानी से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने रमा निरंजन के जन्मदिवस पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में समिति के सदस्यों ने रमा निरंजन एवं आर.पी. निरंजन के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी सामाजिक सेवा के कार्यों में इसी प्रकार सहयोग एवं सहभागिता बनाए रखने की बात कही। पूरे कार्यक्रम के दौरान आत्मीयता और उत्साह का माहौल बना रहा।दिनेश कुमार, देवराज चौरसिया, रिषभ शुक्ला, अंसार वकील साहब, धर्मेंद्र खटीक, अर्जुन सिंह, सूरज प्रसाद वर्मा, संदीप नामदेव, सुशांत गुप्ता, राजू सेन, बसंत गुप्ता, मास्टर मुन्ना लाल, रानी वर्मा, संगीता विश्वकर्मा, अनु वर्मा, शीतल वर्मा, कमला देवी, सपना वर्मा, कमला वर्मा, आशी वर्मा, आदि लोग उपस्थित रहे।
