मां दुर्गा आरती संग्रह का हुआ विमोचन, धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने पर जोर
झांसी। सिद्धेश्वर पीठाधीश्वर श्रीश्री 108 आचार्य हरिओम पाठक महाराज ने मां दुर्गा आरती संग्रह पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक का प्रकाशन समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद वशिष्ठ के सहयोग से कराया गया है। विमोचन अवसर पर धर्म, समाज और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उपस्थित होकर पुस्तक के प्रकाशन को सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर आचार्य श्रीश्री 108 हरिओम पाठक महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति की पहचान उसकी समृद्ध धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं से है। मां दुर्गा की आराधना शक्ति, साहस और सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। धार्मिक साहित्य का प्रकाशन और उसका जन-जन तक पहुंचना हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद वशिष्ठ ने कहा कि धर्म और संस्कृति किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि हमारी साझा विरासत हैं। मां दुर्गा आरती संग्रह के प्रकाशन का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को घर-घर तक पहुंचाना और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों, संस्कारों और सेवा की भावना को मजबूत करने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर होते रहने चाहिए।
उन्होंने कहा कि मां दुर्गा शक्ति और नारी सम्मान की प्रतीक हैं। उनकी आराधना हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने, सत्य का साथ देने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम में सत्येंद्र पुरी गोस्वामी, मनोज यादव, संजय दुबे,अभिषेक दीक्षित, आशीष वाजपेयी, सुशील मौर्य, मनीष कश्यप, सहित बड़ी संख्या में भक्तजन मौजूद रहे।
मां दुर्गा आरती संग्रह का हुआ विमोचन, धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने पर जोर
