झाँसी । नगर विधायक रवि शर्मा ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय श्री योगी आदित्यनाथ जी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें झाँसी में दिनांक 4 से 13 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले भव्य धार्मिक आयोजन में सम्मिलित होने हेतु पुनः आमंत्रित किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री जी से झाँसी पधारकर श्री शिव महापुराण एवं श्री हनुमंत कथा में सहभागिता करने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि नगर विधायक रवि शर्मा द्वारा पूर्व में ही माननीय मुख्यमंत्री जी को इस भव्य धार्मिक आयोजन की जानकारी दी जा चुकी थी। आज की भेंट के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री जी को पुनः औपचारिक रूप से निमंत्रण पत्र सौंपते हुए आयोजन में पधारने का आग्रह किया। इस पर माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने 4 से 13 दिसंबर 2026 के मध्य एक दिवस झाँसी आकर श्री शिव महापुराण एवं श्री हनुमंत कथा में सम्मिलित होने का आश्वासन दिया।
इससे पूर्व नगर विधायक रवि शर्मा ने कुंडा के माननीय विधायक श्री रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) के आमंत्रण पर कुंडा में आयोजित पूज्य श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी (बागेश्वर धाम सरकार) के श्रीमुख से हो रही श्री हनुमंत कथा में सम्मिलित होकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने पूज्य श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी से भेंट की तथा माननीय विधायक श्री रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) को झाँसी में दिनांक 4 से 13 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले भव्य धार्मिक आयोजन का निमंत्रण पत्र सौंपा।
इस आयोजन में परम पूज्य पंडित श्री प्रदीप मिश्रा जी (सीहोर) के श्रीमुख से श्री शिव महापुराण कथा एवं पूज्य श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी (बागेश्वर धाम सरकार) के श्रीमुख से श्री हनुमंत कथा का आयोजन होगा।
