Headlines

यूपी के उरई में 2पालियों में होगी यूपी टी ई टी परीक्षा , डी एम ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप,रिपोर्ट-अवनीत गुर्जर

उरई । उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 18 नवम्बर को 2 पालियों में आयोजित होगी । सुबह की पाली में 10 बजे से साढ़े 12 तक 25 परीक्षा केंद्रों पर प्राथमिक स्तर के अभ्यर्थियों के लिए और द्वितीय पाली में ढाई बजे से अपरान्ह 5 बजे तक उच्च प्राथमिक अभ्यर्थियों के लिए आयोजित होगी । सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी डॉ मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया ।

इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल ने बताया कि इसमें प्राथमिक स्तर के 15526 और उच्च प्राथमिक स्तर के 8018 परीक्षार्थी शामिल होंगे । जिला विद्यालय निरीक्षक ने शासन की इस बाबत जारी मार्गदर्शिका का बिंदुबार विवेचन किया और इसके अक्षरश: पालन की ताकीद की ।

जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि परीक्षार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाओं जैसे स्वच्छ शौचालय , स्वच्छ पेयजल और विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करें । जिलाधिकारी ने बताया कि सचल दल गठित किए गए हैं जो परीक्षा केंद्रों का अनवरत भ्रमण करते रहेंगे । उन्होने कहा कि परीक्षा से जुड़े अधिकारी आपस में समन्वय बनाए रखते हुए सुचारु ढंग से नकल विहीन परीक्षाएँ कराना सुनिश्चित करें । इसमें किसी प्रकार का शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *