झाँसी। लोकसभा चुनाव में पार्टी ने जीत सुनिश्चित करने के लिए विधायक रवि शर्मा को नगर में जीत के आंकड़े को बढ़ाने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी। राजनीतिक माहौल में विधायक रवि शर्मा कुछ ऐसे व्यस्त हुए कि जनता से संवाद का समय उन्हें व्यवस्थाओं के आंगन में इतना कम दिखा कि कब सुबह से शाम हो गई , पता ही नहीं चला। चुनावी दौर था । जनप्रतिनिधियों के कंधों पर जीत कैसे हो और समर्थक उत्साह में बने रहे, इसके लिए कड़े प्रयास करना थे।
माननीय के साथ पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठित होकर सड़क पर उतरना था । जाहिर है कि चुनाव के दरमियान नगर में विधायक रवि शर्मा, महापौर रामतीर्थ सिंघल से लेकर पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ वंदे मातरम करते हुए अनुराग शर्मा की जीत सुनिश्चित करने की दिशा में सुबह से शाम तक जनता के बीच संवाद में जुटे रहे ।
इस दौरान नगर में बिजली पानी सड़क यातायात अतिक्रमण जैसी समस्याएं छोटे से बड़े रूप में हो गयी और जनता त्राहिमाम की स्थिति में आ गई । हालाकी चुनावी माहौल में भी महापौर रामतीर्थ सिंघल अपने अधिकार क्षेत्र में चहल कदमी करते हुए पहले से निर्धारित कार्यों को देखने के लिए थोड़ा समय निकाल कर कार्य की गुणवत्ता और समय पर पूरा कराने के दिशा निर्देशों को देने में जुटे रहे ।
यही कारण रहा कि कई पार्कों की रखरखाव के दौरान बरती जा रही लापरवाही को महापौर ने बर्दाश्त नहीं किया तो निर्माण कार्यों को और तेज गति से करने के निर्देश दिए । इनमें वृंदावनलाल वर्मा पार्क, मेला की टोलियां से लेकर नटबली नाले की सफाई शामिल है।
इधर, जब चुनावी माहौल शांत हुआ और विधायक रवि शर्मा समस्याओं से निपटे, तो उन्हें जनता के बीच महापौर रामतीर्थ सिंघल के चर्चे सुनाई दिए।
अब बारी नगर विधायक के अपने कर्तव्यों को निभाने की थी । सो आज,वह महापौर के साथ अजय एंक्लेव इलाके में पहुंचे । यहां जलभराव की समस्या ने लोगों को बेहाल कर रखा था । यहाँ नालियां जाम थी और उन पर अतिक्रमण हो चुका था ।
मौके पर पहुंचे महापौर रामतीर्थ सिंघल ने वस्तु स्थिति को देखने के बाद अधिकारियों और विधायक के साथ गहरा मंथन किया, विचार हुआ, तर्क दिए गए और अधिकारियों से कहा गया कि समस्या के स्थाई समाधान के ठोस प्रयास किए जाएं।
महापौर ने नाली में जमा गंदगी और उन पर हो रहे अतिक्रमण को समस्या का बड़ा कारण माना, तो विधायक रवि शर्मा भी उनकी बात से सहमत हुए और विधायक ने जनता को आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा । क्षेत्र की जनता महापौर के साथ विधायक की इस जुगलबंदी को देख रही थी, तो कई लोगों ने सवाल दागे। कहा कि यदि माननीय इसी प्रकार समस्याओं का अवलोकन ही करते रहे , तो निदान के रास्ते अपने आप खुल जाएंगे।
