*- ग्लोबल पीस फाउंडेशन ग्रुप और आजीविका मिशन ने किया सम्मान*
*- सुरक्षा प्रेरणा लघु उद्योग घुरैया और सक्षम प्रेरणा लघु उद्योग भोजला की सदस्यों का हुआ सम्मान*
*- स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के कार्यों की हुयी सराहना*
*7 नवंबर, झांसी।* उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की मदद से आर्थिक स्वावलंबन की ओर कदम बढ़ा रही झांसी की दो स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों का मंगलवार को सम्मान किया गया। ग्लोबल पीस फाउंडेशन ग्रुप और ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों ने समूह से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर महिला सदस्यों को ड्रेस और उपहार प्रदान किया गया।
*आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरित हो रहे पुष्टाहार*
सुरक्षा प्रेरणा लघु उद्योग घुरैया और सक्षम प्रेरणा लघु उद्योग भोजला की सदस्यों को ग्लोबल पीस फाउंडेशन ग्रुप की संयोजक सीमा सिंह और उपायुक्त स्वतः रोजगार बृज मोहन अम्बेड ने सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, आजीविका मिशन के अधिकारी और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं। दोनों स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्य पुष्टाहार बनाने का काम कर रही हैं और इन समूहों द्वारा तैयार किये गए पुष्टाहार जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरित किये जाते हैं।
*उत्कृष्ता का प्रदर्शन*
झांसी के उपायुक्त स्वतः रोजगार बृज मोहन अम्बेड ने बताया कि सुरक्षा प्रेरणा लघु उद्योग घुरैया और सक्षम प्रेरणा लघु उद्योग भोजला की महिला सदस्यों ने आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाते हुए पुष्टाहार निर्माण के काम में उत्कृष्ता का प्रदर्शन किया है। इन महिला समूहों की उपलब्धि को देखते हुए समूहों की सदस्यों को ग्लोबल पीस फाउंडेशन ग्रुप और आजीविका मिशन ने सम्मानित किया है।
