लखनउ 31 मार्चःपूर्व विधायक ने अपनी बहू को घर से निकाल दिया। इसको लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ। बहू धरने पर बैठ गयी। पुलिस ने इसे पारिवारिक विवाद बताते हुये पल्ला झाड़ लिया।
हजरतगंज के पॉश इलाके वजीर हसन रोड पर शुक्रवार को करीब तीन घंटे पूर्व विधायक के आवास के सामने हाई प्रोफाइल फैमिली ड्रामा चला। वजह थी कि पूर्व विधाय के बेटे और बहू के बीच विवाद।
इसके बाद बेटे ने अपनी पत्नी को घर से बाहर निकालकर दरवाजा बंद कर लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची। इसके दो घंटे बाद परिवारीजनों ने आपस में मामला निपटाने की बात कही। जिसके बाद पुलिस वापस लौट गई।
वजीर हसन रोड पर हरदोई के पूर्व विधायक अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी, बेटा और बहू हैं। शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर बेटे और बहू में विवाद हुआ। नाराज बेटे ने अपनी पत्नी को घर के बाहर निकालकर गेट बंद कर दिया।
पूर्व विधायक की बहू ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची हजरतगंज पुलिस ने पूर्व विधायक से बातचीत की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
इसके बाद बहू वहीं गेट के बाहर धरने पर बैठ गई। इसके बाद मायके वालों से पुलिस ने बातचीत की तो उन्होंने आपसी विवाद बताया। पुलिस को इससे दूर रहने की बात कही।
