कोंच: बदलाव और हिंदुत्व को लेकर अंतर्द्वंद्व से जूझता रहा मतदाता

_*सपा और भाजपा के बीच सीधी टक्कर के आसार, बसपा गायब दिखी चुनावी तस्वीर से*_

*एंटीइंकंबेंसी वोट भी बहुतायत में पड़ा, समर्थकों के विरोधी भी बड़े फैक्टर रहे विरोध में वोटिंग के*_

••
*कोंच (जालौन)।* अट्ठारहवीं लोकसभा के गठन के लिए जारी चुनाव प्रक्रिया के बीच जालौन गरौठा भोगनीपुर संसदीय सीट के लिए पांचवें चरण में 20 मई को यहां मतदान निपट गया है। मतदान के इस दौर में एक बार फिर हिंदुत्व का सिक्का चलता दिखाई दिया। बदलाव और हिंदुत्व के बीच मतदाता अपने आप से ही जूझता दिखा। इस चुनाव में एंटीइंकंबेंसी वोट भी बहुतायत में पड़ा और प्रत्याशियों के समर्थकों के विरोधी विरोध में वोट करते हुए सुने गए।
जालौन गरौठा भोगनीपुर संसदीय सीट पर आठवीं बार चुनाव मैदान में आए भाजपा प्रत्याशी मौजूदा सांसद भानुप्रताप सिंह वर्मा के लिए यह चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण कहा जा सकता है। खासतौर पर तब जब पार्टी आलाकमान ने अच्छों अच्छों के टिकिट कुतर कर फेंक दिए लेकिन भानुप्रताप सिंह वर्मा उसकी फेवरेट लिस्ट में शामिल रहे और पहली ही लिस्ट में उनके नाम की घोषणा से उनके पार्टी के भीतर के विरोधियों में यह संदेश भी गया कि हाई लेवल पर अभी भी उनका कोई तोड़ नहीं है। इसके इतर, इस चुनाव में मोदी का जादू भले ही न चला हो लेकिन पिछले दस सालों से भाजपा जिस तरह से हिंदुत्व का कार्ड खेलती आ रही है उसका जरूर असर दिखा। हालांकि बदलाव की बयार भी बहती दिखाई दी लेकिन ऐसे वोटों की भी कमी नहीं है जो बदलाव और हिंदुत्व के बीच चले अंतर्द्वंद्व में हिंदुत्व का चुनाव कर रहे थे। मौजूदा सांसद के पिछले दस सालों में कराए गए कामों का लेखा-जोखा भी इस चुनाव में पैमाने के तौर पर देखा गया और एंटीइंकंबेंसी भी खूब चली। इस लिहाज से भाजपा प्रत्याशी पिछले दो चुनावों के मुकाबले इस बार थोड़ा कमजोर दिखाई दिया। ऐसी स्थितियों में भी पार्टी का दावा है कि जीत का अंतर भले ही कम हो जाए लेकिन इस बार उनका प्रत्याशी हैट्रिक लगाने की ओर बढ़ रहा है।

🌀🌀🌀🌀🌀🌀🌀🌀🌀🌀🌀🌀

*लोकसभा चुनाव 2014*
——————————-
_भानुप्रताप सिंह वर्मा भाजपा 548631_
_ब्रजलाल खाबरी बसपा 261429_
_घनश्याम अनुरागी सपा 180921_
_विजय चौधरी कांग्रेस 82903_
——————————————————-
*2014 में भाजपा के भानुप्रताप सिंह वर्मा जीते 2 लाख 87 हजार 202 वोट से*
——————————————————-

*लोकसभा चुनाव 2019*
——————————
_भानुप्रताप सिंह वर्मा भाजपा 581763_
_अजय सिंह पंकज बसपा 423386_
_ब्रजलाल खाबरी कांग्रेस 89606_
——————————————————-
*2019 में भाजपा के भानुप्रताप सिंह वर्मा जीते 1 लाख 58 हजार 377 वोट से*
——————————————————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *