कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा जारी की गई प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान से संबंधित
*प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण*
*गर्भवती महिलाओं की गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व जांच करने एवं मातृ मृत्यु दर कम करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था अभियान*
*जनपद की सभी गर्भवती महिलाओं का शीघ्र पंजीकरण, गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व जांच एवं सुरक्षित प्रसव हमारी प्राथमिकता – डॉ शिशिर पुरी*
*अभियान के अंतर्गत 150469 गर्भवती महिलाओं एवं 22170 हाई रिस्क (उच्च जोखिम) प्रेगनेंसी को दी गई सुविधा*
*झांसी दिनांक 8 जून 2026*
मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा 10 वर्ष पूर्व 2016 में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान प्रारंभ किया गया था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ शिशिर पुरी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण जांच की सुविधा उपलब्ध कराना, गर्भावस्था के समय उच्च जोखिम की गर्भावस्था को चिन्हित करना, समयानुसार उसका प्रबंधन करना तथा सुरक्षित संस्थागत प्रसव कराना है, जिससे मातृ मृत्यु दर में कमी लाई जा सके और नवजात शिशु की सुरक्षित देखभाल की जा सके। प्रत्येक माह की 1, 9, 16 और 24 तारीख को सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, जिला महिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज झांसी में चिकित्सकों द्वारा गर्भवती महिलाओं की जांच की जाती है। सर्वप्रथम आशाओं द्वारा गर्भवती महिला का शीघ्र पंजीकरण 12 सप्ताह के अंदर एएनएम के माध्यम से किया जाता है। एएनएम द्वारा गर्भवती महिला की पूरी गर्भावस्था में कम से कम 6 बार जांच की जाती है। द्वितीय एवं तृतीय तिमाही की गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच करने हेतु प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, जिला महिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज में पीएमएसएमए क्लिनिक में लाया जाता है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के क्रियान्वयन के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सम्पूर्ण झाँसी के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, शहरी स्वास्थ्य इकाइयों एवं संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में पी0एम0एस0एम0ए0 दिवस 09 जून 2026 को वृहद् रूप में विशेष प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व क्लीनिक का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एन के जैन ने बताया कि वर्ष 2016 से प्रारंभ किए गए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत जनपद की गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई हैं। उच्च जोखिम की गर्भावस्था वाली महिलाओं का चिन्हांकन किया गया है एवं सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया गया है, जिससे जनपद की मातृ मृत्यु दर में कमी आई है।
जिला कार्यक्रम प्रबन्धक श्री ऋषिराज सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत जनपद में अभी तक 150469 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच चिकित्सकों द्वारा की गई है तथा 22170 हाई रिस्क (उच्च जोखिम) प्रेगनेंसी को चिन्हित कर सुरक्षित प्रसव कराया गया है |
