कृष्ण भक्ति के रंग में झूमी झाँसी, Kirtan Rasik Band ने बांधा समां
ISKCON Jhansi के भव्य आयोजन में युवाओं से लेकर परिवारों तक ने लिया भक्तिरस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद
झाँसी, 3 सितंबर।
ISKCON Jhansi के मेगा जन्माष्टमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भव्य कार्यक्रम में गुरुवार की शाम भक्ति, संगीत और भारतीय संस्कृति के अद्भुत संगम की साक्षी बनी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंच पर प्रस्तुतियों के साथ पूरा वातावरण कृष्णमय हो उठा और दर्शक देर तक भक्ति एवं आनंद में झूमते नजर आए।
कार्यक्रम का सबसे विशेष आकर्षण हैदराबाद से आए Kirtan Rasik Band की प्रस्तुति रही। बैंड ने पारंपरिक कृष्ण-भक्ति गीतों और ऊर्जावान कीर्तन की ऐसी मनमोहक प्रस्तुति दी कि देखते ही देखते पूरा परिसर तालियों, हरिनाम और नृत्य से गूंज उठा। युवा हों या बुजुर्ग, महिलाएं हों या बच्चे—हर कोई भक्ति के सुरों पर झूमता और नृत्य करता दिखाई दिया। पारंपरिक धुनों और आधुनिक ऊर्जा के इस सुंदर मेल ने कार्यक्रम में एक अलग ही उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न कलाकारों एवं टीमों द्वारा प्रस्तुत नृत्य कार्यक्रमों ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। B2T टीम, IGF तथा संचिता कथक नृत्य केंद्र की कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संगीत और आध्यात्मिक भावनाओं को मंच पर जीवंत कर दिया। कथक की भावपूर्ण मुद्राओं से लेकर जोशीले नृत्य तक, हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।कार्यक्रम में कृष्णा जोशी की रैप प्रस्तुति ने भी युवाओं में खास उत्साह पैदा किया। वहीं विभिन्न कलाकारों एवं टीमों के सम्मान और अभिनंदन ने कार्यक्रम में गरिमा का भाव जोड़ा।
ISKCON Jhansi के अध्यक्ष श्री ब्रज भूमि दास ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों का स्वागत करते हुए उन्हें 4 सितंबर को आयोजित होने वाले जन्माष्टमी के भव्य महोत्सव एवं महाभिषेक में सपरिवार शामिल होने का विशेष निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण का उत्सव नहीं, बल्कि अपने जीवन में कृष्ण-भावना को जागृत करने का अवसर है।उन्होंने सभी से अपील की कि वे कल होने वाले भव्य महाभिषेक, महाआरती एवं जन्माष्टमी उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस दिव्य अवसर के सहभागी बनें। कार्यक्रम के समापन तक पूरा परिसर “हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे” के महामंत्र से गूंजता रहा। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो झाँसी की धरती पर कृष्ण भक्ति का एक जीवंत उत्सव उतर आया हो।
महोत्सव परिसर में लगाए गए विभिन्न आकर्षक स्टॉल भी श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। ‘वृंदावन बाजार’ में वृंदावन की विशेष पहचान रखने वाली वस्तुओं से लेकर विभिन्न प्रकार की आध्यात्मिक एवं हस्तनिर्मित सामग्री तक उपलब्ध है। इसके साथ ही हैंडमेड वस्तुएं, हस्तनिर्मित ऑर्गेनिक तेल, वस्त्र एवं विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों के स्टॉल लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। श्रद्धालु ‘भोग अर्पण’ के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण को अपनी श्रद्धा अर्पित करने का अवसर भी प्राप्त कर रहे हैं। बच्चों के लिए लगाए गए गेम्स स्टॉल में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस आयोजन में सांसद श्री अनुराग शर्मा जी एवं बैद्यनाथ परिवार द्वारा विजेताओं के लिए फुटबॉल, बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल जैसे आकर्षक पुरस्कार प्रायोजित किए गए हैं, जिससे बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह है। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल द्वारा लगाया गया विशेष चिकित्सा स्टॉल भी महत्वपूर्ण पहल है, जहां आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को उपचार एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।आयोजन समिति में वरिष्ठ सदस्य सुरेंद्र राय, पीयूष रावत ,महेश सर्राफ, राजीव अग्रवाल, अशोक सेठ, अजय अग्रवाल, अन्योर दास, रमेश राय, मनीष नीखरा एवं आई.के पांडे, ललित मोहन दास, रचित अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, अभय जैन, करमवीर, दीपक सोनी, प्रफुल्ल सिंघल, परम आश्रय दास, जितेन्द्र राठौर, सौरभ अग्रवाल, उमेश लिटोरिया, वैभव अग्रवाल, अंकित राय, अंकुश त्रिपाठी, निमेष खन्ना, नीरज अग्रवाल, रूपक कनोडिया, मनीष यादव एवं भरत यादव शामिल हैं!
ब्रज भूमि दास, व्रज जन रंजन दास, प्रिय गोविन्द दास, श्याम विलास दास, महेश्वर चन्द्र दास, दामोदर बंधु दास एवं भक्त विपिन ने सभी बुंदेलखंड वासियों से परिवार सहित महोत्सव में पधारने का आह्वान किया। इस अवसर पर संयुक्त रूप से रचितअग्रवाल _अंकित राय ने सभी का आभार व्यक्त किया।
