*झांसी मंडल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टिकट निरीक्षकों एवं बुकिंग कर्मचारियों का सम्मान*

*झांसी मंडल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टिकट निरीक्षकों एवं बुकिंग कर्मचारियों का सम्मान*
यात्रियों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करते हुए रेलवे राजस्व में उल्लेखनीय योगदान देने वाले झांसी मंडल के टिकट चेकिंग एवं टिकट बुकिंग कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ऐसे 13 टिकट चेकिंग कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने एक कार्य दिवस में एक लाख रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित कर अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी एवं उत्कृष्ट दायित्व निर्वहन का परिचय दिया। सम्मानित टिकट चेकिंग कर्मचारियों में श्री अभिषेक जगधारी, श्री भूपेन्द्र मीणा, श्री सोनू राय, श्री देवी सिंह मीणा, श्री साजिद अनवर, श्री नीरज वर्मा, श्री रजेंद्र कुमार, श्री वैभव अग्रवाल, श्री अमित गुप्ता, श्री महेंद्र सिंह पटेल, श्री मोहम्मद मुदस्सर खान, श्री हरजीत सिंह एवं श्री अविनाश करोसिया शामिल हैं।
इसी प्रकार अनारक्षित टिकट बुकिंग कार्यालय में उत्कृष्ट कार्य करते हुए एक कार्य दिवस में 800 से अधिक अनारक्षित टिकट वितरित कर यात्रियों को त्वरित एवं सुगम सेवा उपलब्ध कराने वाले दो बुकिंग कर्मचारियों, श्री अजय सक्सेना एवं श्री गुलाम गौस, को भी नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने इस अवसर पर कहा कि रेलवे की छवि को सुदृढ़ बनाने में अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ राजस्व वृद्धि में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों का सम्मान अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पण, ईमानदारी एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति के साथ यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया।
यह सम्मान समारोह झांसी मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने तथा सेवा उत्कृष्टता की संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *