*पूर्व सांसद स्व. राजेंद्र अग्निहोत्री की पुण्यतिथि पर विशाल भंडारे का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद*
झांसी। जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के लिए सदैव समर्पित रहे पूर्व सांसद स्वर्गीय राजेंद्र अग्निहोत्री की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने सहभागिता कर स्व. अग्निहोत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान संदीप सरावगी ने कहा कि स्व. राजेंद्र अग्निहोत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन में समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया। उनकी सादगी, जनसेवा और विकास के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके बताए हुए मार्ग पर चलकर समाज की सेवा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। श्रद्धांजलि सभा के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर पूरे समय श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का वातावरण बना रहा। ऋषिराज उर्फ बॉबी ठाकुर ने भंडारे की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया।
डॉ. आशीष अग्निहोत्री ने कहा कि पूज्य पिता एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय श्री राजेंद्र अग्निहोत्री जी की 18वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में इस श्रद्धांजलि एवं भंडारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि स्व. राजेंद्र अग्निहोत्री जी का संपूर्ण जीवन समाज सेवा, जनकल्याण और राष्ट्रहित के कार्यों को समर्पित रहा। उनके आदर्श, विचार एवं कार्यशैली आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि हम सभी परिवारजन एवं शुभचिंतक उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का निरंतर प्रयास करते हैं। उनके उच्च संस्कार, सेवा भाव एवं जनसरोकारों के प्रति समर्पण को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय राजेंद्र अग्निहोत्री जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. आशीष अग्निहोत्री, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, योजना शुक्ला (जिला कार्यवाहिका, आरएसएस), वरिष्ठ समाजसेवी संजय झा, भारत सेठ, मनमोहन गैंडा, गजराज प्रधान, राहुल कोष्टा, अभिषेक, ऋषिराज उर्फ बॉबी ठाकुर, संकल्प नायक, प्रशांत शर्मा, संदीप सरावगी, अभिषेक ठाकुर, संदीप नामदेव, अनुज ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए स्व. राजेंद्र अग्निहोत्री के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा एवं भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने स्व. अग्निहोत्री के प्रति जनता के सम्मान और स्नेह को पुनः प्रदर्शित किया।
