*पीएम के ‘मन की बात’ के बाद व्यापारियों की भी सुनी विधायक ने*
▪️_*रेल विभाग की दीवार बनवाने की योजना को लेकर उड़ी लोगों की नींद, विधायक को सुनाई व्यथा*_
▪️_*रेलवे स्टेशन से मियांगंज की साइडिंग पर अगर दीवार बनी तो बंद हो जाएंगे दर्जनों घरों और दुकानों के दरवाजे*_
*कोंच।* क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन ने रविवार को पहले कस्बे के जवाहर नगर स्थित बूथ संख्या 508 पर प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ सुनी, इसके ठीक बाद उन्होंने मियांगंज रेलवे साइडिंग के आसपास रहने वाले लोगों और वहां दुकानों का संचालन करने वाले दुकानदारों व व्यापारियों के मन की बात भी सुनी जिसमें उन्होंने अपनी निकट भविष्य में होने वाली बर्बादी की व्यथा सुनाई। रेलवे स्टेशन से मियांगंज की साइडिंग पर अगर दीवार बनी तो बंद हो जाएंगे दर्जनों घरों और दुकानों के दरवाजे। दरअसल, रेल विभाग कोंच रेलवे स्टेशन से मियांगंज की ओर जाने वाली रेलवे की साइडिंग के किनारे फेंसिंग करने की योजना बना रहा है जिससे वहां के घरों और दुकानों की बर्बादी तय मानी जा रही है।
अपने पार्टी सहयोगियों भाजपा अध्यक्ष अंजू अग्रवाल, आनंद सेठ, महेंद्र सोनी, सुनील शर्मा और पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के साथ पीएम के मन की बात कार्यक्रम सुनने जवाहर नगर स्थित ज्ञानेंद्र सेठ के प्रतिष्ठान पर पहुंचे विधायक को इलाकाई लोगों व दुकानदारों ने ज्ञापन देकर बताया कि रेलवे स्टेशन से मियागंज/ रामगंज की ओर पूरब से पश्चिम दिशा में आबादी होने के कारण करीब 50 फीट चौड़ी सड़क पिछले छह दशक से सार्वजनिक रूप में प्रयोग हो रही है। इस रास्ते को रेल विभाग दीवार बनाकर अवरूद्ध करने की योजना बना रहा है। जबकि संदर्भित रास्ते के पास आबादी व व्यवसायिक क्षेत्र बड़ी अच्छी स्थिति में मौके पर है और दीवार बनाकर रास्ता अवरूद्ध करने से हजारों परिवार व व्यवसायिक दुकानें प्रभावित होंगी तथा आवागमन पूरी तरह से अवरुद्ध हो जाएगा। वहां रास्ते का और कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने विधायक से मांग की है कि व्यापक जनहित में रेल विभाग/ मंत्रालय में संपर्क कर रास्ता अवरुद्ध होने से बचाया जाए। इस दौरान सेठ नासिर, अनवार अहमद, नितिन अग्रवाल, मकसूद अहमद, मोहन गुप्ता, कुलदीप, प्रमोद अग्रवाल, अर्जुन चौरसिया, अहमद कार, रवींद्र चौरसिया, गफ्फार, किशोरी लाल सहित तमाम लोग मौजूद रहे। हालांकि विधायक को व्यापारियों और मियांगंज की साइडिंग के आसपास रहने वाले लोगों की समस्या की जानकारी लगते ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को इस आशय की चिट्ठी लिखी है जिसमें उन्होंने मियांगंज इलाके के बाशिंदों एवं व्यापारियों की समस्या से अवगत कराते हुए कहा है कि रेलवे विभाग द्वारा रास्ता अवरुद्ध कर बाउंड्रीवॉल बनाने की योजना बनाई जा रही है जिससे सैकड़ों परिवार एवं व्यापारी बर्बाद हो जाएंगे एवं भुखमरी की कगार पर पहुंच जाएंगे। विधायक ने अनुरोध किया है कि नगरवासियों एवं व्यापारियों के हित में निर्णय लेते हुए संबंधित को निर्देश देने की कृपा करें। उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक झांसी को भी इसकी प्रतिलिपि भेजी है।
*1.17 करोड़ की लागत से बननी है 2.8 किमी लंबी, 6 फीट ऊंची बाउंड्रीवॉल*
_*कोंच।* रेलवे स्टेशन पर गुड्स शेड निर्माण के बीच रेलवे अपनी जमीन के चारों ओर बाउंड्रीवॉल बनाने जा रही है। सूत्रों की अगर मानें तो करीब 1.17 करोड़ रुपये की लागत से 2.8 किलोमीटर लंबी और छह फीट ऊंची बाउंड्रीवॉल बनाई जाएगी। जमीन खाली कराने के लिए रेलवे की ओर से चेतावनी और नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस मिलने के बाद रेलवे की जमीन के किनारे रहने वाले कई लोगों ने अपना कब्जा हटाना शुरू कर दिया है। बाउंड्रीवॉल बनने की खबर के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप है और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।_
