हजारों युवाओं ने लिया ‘INspiration’ यूथ फेस्टिवल में हिस्सा, सोशल मीडिया के सही इस्तेमाल और नशामुक्ति का लिया संकल्प

हजारों युवाओं ने लिया ‘INspiration’ यूथ फेस्टिवल में हिस्सा, सोशल मीडिया के सही इस्तेमाल और नशामुक्ति का लिया संकल्प
ISKCON Jhansi के ‘INspiration’ में युवाओं को मिला तनाव, खालीपन और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से निकलने का संदेश — मंत्र रॉक ने बांधा समां

झांसी, 2 सितंबर।
युवाओं को सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग, मानसिक तनाव से मुक्ति तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से बुधवार को ISKCON Jhansi द्वारा आयोजित विशेष यूथ फेस्टिवल ‘INspiration’ में हजारों युवाओं ने भाग लिया। संगीत, रैप, डांस, माइम, प्रेरणादायक वक्तव्य और मंत्र रॉक से सजे इस कार्यक्रम ने युवाओं को मनोरंजन के साथ-साथ जीवन को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

कार्यक्रम का स्वागत एवं उद्घाटन ISKCON Jhansi के अध्यक्ष ब्रज भूमि दास एवं उपाध्यक्ष व्रज जन रंजन दास द्वारा किया गया। उन्होंने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि आज की युवा शक्ति यदि अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सही दिशा में उपयोग करे, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

कार्यक्रम की शुरुआत ISKCON Youth Forum के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विशेष माइम शो ‘MIND & ME’ से हुई। बिना शब्दों के केवल अभिनय, भाव-भंगिमाओं और विशेष साउंड इफेक्ट्स के माध्यम से युवाओं के मन पर सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति में दिखाया गया कि किस प्रकार सोशल मीडिया धीरे-धीरे व्यक्ति के समय, ध्यान और भावनाओं को नियंत्रित करने लगता है। इस अनोखी साउंडलेस एक्टिंग को युवाओं ने खूब पसंद किया। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से आए Krishna Johi RAP ने चैतन्य महाप्रभु पर आधारित जोशीला रैप प्रस्तुत किया। रैप के माध्यम से वर्तमान युवा जीवन में बढ़ रहे तनाव, चिंता और मानसिक दबाव जैसी समस्याओं के समाधान के रूप में चैतन्य महाप्रभु की शिक्षाओं और हरिनाम संकीर्तन का संदेश प्रस्तुत किया गया। युवाओं ने इस प्रस्तुति पर जमकर उत्साह दिखाया।कार्यक्रम में प्रिय गोविंदा दास ने युवाओं को सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया के अत्यधिक प्रभाव से बचने के लिए तीन महत्वपूर्ण सूत्र बताए—EMPTINESS, HAPPINESS और SADNESS।
उन्होंने समझाया कि सोशल मीडिया अक्सर हमारे भीतर के खालीपन (Emptiness) को लाइक्स और व्यूज़ से भरने का भ्रम पैदा करता है, खुशी (Happiness) को बाहरी validation से जोड़ देता है और दुःख (Sadness) के समय हमें और अधिक डिजिटल दुनिया में धकेल सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे मीडिया के उपभोक्ता मात्र न बनें, बल्कि अपने मन, समय और जीवन के नियंत्रण को अपने हाथ में रखें।
इसके बाद झांसी के Back 2 Talent Group द्वारा महाभारत पर आधारित विशेष नृत्य प्रस्तुति दी गई। शानदार नृत्य, संगीत और मंचीय प्रस्तुति के माध्यम से महाभारत की कथा को युवाओं के सामने जीवंत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने के लिए झांसी के IG श्री आकाश कुलहरी एवं DM श्री गौरांग राठी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। IG आकाश कुलहरी ने युवाओं को Anti-Addiction के महत्व के बारे में संबोधित करते हुए नशे से दूर रहकर स्वस्थ और उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने का संदेश दिया। वहीं DM गौरांग राठी ने युवाओं का नेतृत्व करते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई। हजारों युवाओं ने एक साथ नशे से दूर रहने और अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण रहा Noida Kirtan Team द्वारा प्रस्तुत ‘Mantra Rock’, जिसका नेतृत्व सुमित ने किया। आधुनिक रॉक म्यूजिक और आध्यात्मिक मंत्रों के अद्भुत संगम ने पूरे वातावरण को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया। हजारों युवा मंत्रों की धुन पर झूमते और गाते नजर आए। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी युवाओं के लिए विशेष प्रसाद एवं डिनर की व्यवस्था की गई, जिसका युवाओं ने भरपूर आनंद लिया। मनोरंजन के साथ मिला जीवन बदलने वाला संदेश ‘INspiration’ यूथ फेस्टिवल की सफलता इस बात का प्रमाण रही कि आज का युवा केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सही दिशा, सकारात्मक सोच और जीवन के वास्तविक उद्देश्य की तलाश भी कर रहा है। कार्यक्रम ने सोशल मीडिया के अंधाधुंध उपयोग, मानसिक तनाव और नशे जैसी आधुनिक चुनौतियों पर युवाओं को सोचने का अवसर दिया और उन्हें इन समस्याओं से ऊपर उठकर एक बेहतर जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

ISKCON Jhansi के इस आयोजन में युवाओं की भारी भागीदारी और उत्साह ने कार्यक्रम को एक यादगार युवा महोत्सव बना दिया।आयोजन समिति में वरिष्ठ सदस्य सुरेंद्र राय, पीयूष रावत ,महेश सर्राफ, राजीव अग्रवाल, अशोक सेठ, अजय अग्रवाल, अन्योर दास, रमेश राय, मनीष नीखरा एवं आई.के पांडे, ललित मोहन दास, रचित अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, अभय जैन, करमवीर, दीपक सोनी, प्रफुल्ल सिंघल, परम आश्रय दास, जितेन्द्र राठौर, सौरभ अग्रवाल, उमेश लिटोरिया, वैभव अग्रवाल, अंकित राय, अंकुश त्रिपाठी, निमेष खन्ना, नीरज अग्रवाल, रूपक कनोडिया, मनीष यादव एवं भरत यादव शामिल हैं!
ब्रज भूमि दास, व्रज जन रंजन दास, प्रिय गोविन्द दास, श्याम विलास दास, महेश्वर चन्द्र दास, दामोदर बंधु दास एवं भक्त विपिन ने सभी बुंदेलखंड वासियों से परिवार सहित महोत्सव में पधारने का आह्वान किया। इस अवसर पर पियूष रावत जी ने सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *