झांसी। राष्ट्रीय खेल दिवस पर त्रिपुरा की खूबसूरत राजधानी अगरतला स्थित डीएसएस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विश्व हॉकी के महानायक, हॉकी के जादूगर और पद्म भूषण मेजर ध्यानचंद की संगमरमर से निर्मित भव्य प्रतिमा की स्थापना भारतीय खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बन गई। मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा का अनावरण त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा एवं विश्व विजेता अर्जुन अवॉर्डी अशोक कुमार ध्यानचंद ने किया।
इस अवसर कार्यक्रम में त्रिपुरा सरकार के खेल मंत्री टिंकू रॉय, विधायक मीना रानी सरकार, त्रिपुरा ओलम्पिक एसोसिएशन के महासचिव सुजीत तथा अंतराष्ट्रीय कॉमेंट्रेटर अफाक अहमद सहित अनेक खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अगरतला के नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने यह साबित किया कि महान खिलाड़ियों और खेल संस्कृति के प्रति सम्मान देश के हर हिस्से में जीवंत है।
इस अवसर पर विश्व विजेता हॉकी खिलाड़ी एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अशोक ध्यानचंद ने कहा कि उनके पिता मेजर ध्यानचंद केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए खेल प्रेरणा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि अगरतला में उनकी प्रतिमा की स्थापना उनके लिए व्यक्तिगत रूप से अत्यंत भावुक और गर्व का क्षण है। अशोक ध्यानचंद ने कहा कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन, मेहनत और राष्ट्र के लिए गौरव हासिल करने की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने त्रिपुरा सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास देश की खेल विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा का अनावरण केवल एक महान खिलाड़ी को श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि भारतीय खेल संस्कृति और गौरवशाली हॉकी विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक है। भारत के इस खूबसूरत सुदूर पूर्वी राज्य में आयोजित यह आयोजन खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। मेजर ध्यानचंद की यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को निरंतर यह संदेश देती रहेगी कि खेल केवल जीतने का नाम नहीं, बल्कि राष्ट्र के गौरव को ऊँचा उठाने का एक सशक्त माध्यम है।
