गणेश उत्सव में गूंजे भजन, सुंदरकांड से भक्तिमय हुआ माहौल
झांसी। शहर में गणेश उत्सव के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। इसी क्रम में ढाल के राजा गणेश उत्सव समिति, सदर बाजार द्वारा गणपति जी की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ छप्पन भोग प्रसाद का आयोजन किया गया। इसके बाद सुंदरकांड एवं भजन संध्या में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम में किशन त्रिपाठी, यश अग्रवाल, विकास लक्षकार, तरुण अग्रवाल, भरत लक्षकार, सक्षम साहू, अंशुल त्रिपाठी, जितेंद्र लक्षकार एवं अरुण लक्षकार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
वहीं नई बस्ती खजूर बाग, पटला हनुमान मंदिर के पास, वार्ड नंबर 8 में भी गणेश उत्सव का आयोजन श्रद्धा के साथ किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार यहां गणेश उत्सव के 14 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इस अवसर पर साध्वी नीलम तिवारी, कथा वाचिका तथा शुभम तिवारी और विनय तिवारी सहित श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।
इस अवसर पर डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि “गणेश उत्सव हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा पर्व है। ऐसे आयोजन समाज को आपस में जोड़ने के साथ-साथ हमारी युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से परिचित कराने का कार्य करते हैं। भगवान गणेश सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें तथा समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव बना रहे।”
