दीपावली मिलन समारोह में एकजुटता और भाईचारे का संदेश, चैम्बर सदस्यों ने किया अन्नकूट प्रसाद ग्रहण

*चैम्बर ऑफ स्मॉल एंड माइक्रो इंडस्ट्रीज का दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास से संपन्न*

झांसी। चैम्बर ऑफ स्मॉल एंड माइक्रो इंडस्ट्रीज, बुंदेलखंड, झांसी द्वारा दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में दीपावली मिलन एवं अन्नकूट भोजन प्रसाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन 12 नवंबर 2026, गुरुवार को आयुष्मान गार्डन, ग्रोथ सेंटर बिजौली, झांसी में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दीपावली के पावन अवसर पर आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं औद्योगिक एकता को बढावा देना रहा। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों सामूहिक रूप से अन्नकूट भोजन प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चैम्बर के अध्यक्ष श्री राजेश शर्मा ने सभी सदस्यों एवं उनके परिवारजनों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और सकारात्मकता का प्रतीक है। जिस प्रकार दीपक स्वयं जलकर दूसरों के जीवन में प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार हम सभी को भी समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देना चाहिए।

उन्होंने कहा चैम्बर का प्रयास है कि उद्यमियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाया जाए तथा क्षेत्र में औद्योगिक विकास, रोजगार के नए अवसर और व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए। महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष आकर्षण के रूप में विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं एवं खेलों का आयोजन किया गया। इन खेलों का संचालन एवं आयोजन श्रीमती दीप्ति गुप्ता एवं श्रीमती प्रतिभा शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इनमें स्पॉट गेम्स, फन गेम्स, हाउसी गेम, स्मार्टफोन गेम्स सहित अनेक रोचक गतिविधियां शामिल रहीं। महिलाओं एवं बच्चों ने इन गतिविधियों में बढ-चढकर हिस्सा लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।

इस अवसर पर चैम्बर के पदाधिकारीगण में अध्यक्ष श्री राजेश शर्मा , उपाध्यक्ष श्री सुरेन्दर सिंह अरोरा एवं श्री पवन शिवहरे , सचिव श्री साकेत गुप्ता तथा कोषाध्यक्ष श्री देवेंद्र नागरिया , एंव राजा गहोई सुभाष खर्द, अजय झां, रमेश अग्रवाल, जगदीश गुप्ता, ब्रजेश वड़ोनिया , सहित उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री संजय पटवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर उन्होंने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी सौहार्द, व्यापारिक एकता एवं सामाजिक सहभागिता को मजबूत बनाने का संदेश दिया। संयोजन में डॉ. प्रवीण गुप्ता, श्री भैयालाल कुशवाहा एवं डॉ. कीर्ति राजश्री का विशेष योगदान रहा। सभी के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की निरंतर प्रगति, औद्योगिक विकास एवं आपसी एकता को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। सामूहिक अन्नकूट भोजन प्रसाद ग्रहण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

अंत में कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रवीण गुप्ता, जो प्रवीण फार्मेसी एंड मेडिकल्स के माध्यम से स्वास्थ्य एवं चिकित्सा उपयोग से जुडे उत्पादों के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा सैनिटरी नैपकिन एवं विभिन्न सर्जिकल आइटमों के निर्माण कार्य से जुडे हैं, ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले चैम्बर के समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों, अतिथियों एवं उनके परिवारजनों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी के सहयोग एवं सहभागिता की सराहना करते हुए भविष्य में भी संगठन की गतिविधियों में इसी प्रकार सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *