*पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत भवन में 557वें श्री गुरु नानक देव महाराज प्रकाश महोत्सव के उपलक्ष्य में सप्तम पाठ साहिब का प्रकाश*
झांसी। सिख धर्म के प्रथम गुरु, महान संत एवं मानवता के उपदेशक श्री गुरु नानक देव महाराज के 557वें प्रकाश महोत्सव के उपलक्ष्य में पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत भवन, रानी महल, झांसी में बुधवार, 18 नवंबर को श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच सप्तम पाठ साहिब का प्रकाश किया गया। इस अवसर पर संगत ने गुरु महाराज के चरणों में शीश नवाकर कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु महाराज की अरदास के साथ हुआ। गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप के समक्ष श्रद्धापूर्वक सप्तम पाठ साहिब का प्रकाश किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरु वाणी का स्मरण करते हुए आध्यात्मिक शांति एवं गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे भवन में भक्ति, सेवा और सत्संग का वातावरण बना रहा।
श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन एवं उपदेशों के माध्यम से समाज को प्रेम, समानता, भाईचारे, ईमानदारी, सेवा और मानवता का मार्ग दिखाया। उन्होंने जात-पात, ऊंच-नीच, भेदभाव एवं आडंबरों से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को समान मानने का संदेश दिया। उनके द्वारा दिए गए नाम जपो, किरत करो और वंड छको के सिद्धांत आज भी मानव जीवन के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
प्रकाश महोत्सव का आयोजन भी इन्हीं महान आदर्शों एवं शिक्षाओं को स्मरण कर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का एक पावन अवसर है।
इस अवसर पर पंचायत अध्यक्ष हरीश हासानी, जयकिशन फव्यानी, अशोक जैसवानी, राजकुमार बसरानी, नितेश रंगलानी, कलतार सिंह भंभानी, बबीता हासानी, हर्षा कोडवानी, बेबी पारी, सरोज जैसवानी, नीलू गोदवानी, हर्षा चंदू कोडवानी, पार्वती देवी सिंहवानी, धारणा कोटवानी, पलक कुकरेजा, भारती कुकरेजा सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने गुरु महाराज के चरणों में अरदास कर समाज, परिवार एवं समस्त मानव जगत की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
सप्तम पाठ साहिब के प्रकाश के साथ ही 557वें श्री गुरु नानक देव महाराज प्रकाश महोत्सव के आगामी धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हो गया है। इसी क्रम में 24 नवंबर को प्रातः 10 बजे श्री सत्यनारायण व्रत कथा एवं कीर्तन भोग साहिब, प्रातः 11 बजे सप्तम पाठ साहिब का समापन तथा दोपहर 12 बजे से दलजीत सिंह दलेर जी (नानकसर वाले) द्वारा सत्संग एवं कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1:20 बजे गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव मनाया जाएगा, जिसके पश्चात गुरु का अटूट लंगर आयोजित होगा।
पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत द्वारा समस्त श्रद्धालुओं से इन पावन धार्मिक कार्यक्रमों में सपरिवार सम्मिलित होकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने एवं सेवा, सिमरन और मानवता के संदेश को अपने जीवन में अपनाने की अपील की गई है।
*दिनेश कोडवानी* *मीडिया प्रभारी*
*सिंधी समाज झांसी*
