**झाँसी।** प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में आयोजित सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के क्रम में नगर विधायक रवि शर्मा ने गुरुवार को जिला चिकित्सालय पुरुष एवं जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना तथा उन्हें फल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीयता के साथ संवाद कर उनके स्वास्थ्य और अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
नगर विधायक रवि शर्मा ने मरीजों से दवाइयों, जांच, उपचार, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मरीजों से भी कहा कि किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रशासन को तत्काल अवगत कराएं।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और समर्पण के रूप में मनाते हुए विधायक रवि शर्मा ने स्वयं रक्तदान भी किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने स्वस्थ एवं सक्षम नागरिकों से समय-समय पर रक्तदान करने तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
विधायक रवि शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और जनकल्याण को विशेष महत्व दिया है। उनके जन्मदिन के अवसर पर जरूरतमंद मरीजों की सेवा, फल वितरण और रक्तदान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहयोग एवं संवेदना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा कार्य केवल किसी एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव आगे आना चाहिए। रक्तदान, मरीजों की सहायता तथा जरूरतमंदों की सेवा समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस अवसर पर महापौर श्री रामतीर्थ सिंघल, जिलाध्यक्ष श्री सुधीर सिंह, सनी वर्मा, मोनू सिदद्गी, पंकज राय, शहर मण्डल अध्यक्ष मोनू शिवहरे, पंकज दुबे सहित जिला चिकित्सालय पुरुष एवं महिला चिकित्सालय के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्यजन कई लोग उपस्थित रहे।
