झांसी। पी.एम. श्री केंद्रीय विद्यालय बबीना की छात्रा इशिका करौसिया ने मेरठ में आयोजित मंडल स्तरीय केंद्रीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
इशिका करौसिया, जो बीएचईएल क्षेत्र निवासी अमित करौसिया की पुत्री हैं, ने प्रतियोगिता के दौरान अपने दमदार खेल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती दी। कठिन मुकाबलों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने बॉक्सिंग स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया।
इशिका की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय के शिक्षकों एवं सहपाठियों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं परिजनों और शुभचिंतकों द्वारा भी इशिका को लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।
विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इशिका की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी मेहनत और लगन ने यह सिद्ध कर दिया कि निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
इशिका की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने भी गर्व व्यक्त किया है और उम्मीद जताई है कि वह भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और देश का नाम रोशन करेंगी।
कांगेस पार्टी के पूर्व झाँसी मण्डल प्रवक्ता राजेन्द्र शर्मा,एडवोकेट,हरवंश लाल,प्रकाश जैन,हरि मोहन पटेरिया,राम भरोसे पेन्टर,बीरेन्द्र यादव,अशोक सैन पत्रकार,हनीफ खान,दुलीचन्द कुशवाहा,रशीद कुरैशी ने इशिका को बधाई दी है,
बॉक्सिंग में चमकी इशिका करौसिया, मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक
