भारी बारिश से फसलें बर्बाद, किसानों को शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र : रवि शर्मा*

*भारी बारिश से फसलें बर्बाद, किसानों को शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र : रवि शर्मा*

झाँसी। बुन्देलखण्ड क्षेत्र, विशेषकर जनपद झाँसी में लगातार हो रही भारी वर्षा से किसानों की उड़द, मूंग एवं तिल की फसलों को हुए व्यापक नुकसान को लेकर झाँसी नगर विधायक रवि शर्मा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत एवं शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।

मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक रवि शर्मा ने बताया कि अत्यधिक वर्षा के कारण जनपद के अनेक गांवों में खेतों में पानी भर गया है। कई स्थानों पर खड़ी फसलें पानी में डूब गई हैं तथा खेतों में लगातार पानी जमा रहने से फसलों के सड़ने और दाना खराब होने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र का अधिकांश किसान सीमांत एवं लघु किसान है और मुख्य रूप से कृषि पर ही निर्भर है। प्राकृतिक आपदा के कारण किसान परिवार गंभीर आर्थिक संकट में पहुंच गए हैं। ऐसे समय में प्रदेश सरकार द्वारा प्रभावित किसानों को तत्काल राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।

विधायक रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि सम्पूर्ण झाँसी जनपद के प्रभावित गांवों में फसलों के नुकसान का शीघ्र सर्वे कराकर किसानों को हुए नुकसान की भरपाई तथा शत-प्रतिशत मुआवजा स्वीकृत कराने की आवश्यक कार्यवाही की जाए।

विधायक रवि शर्मा ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें प्राकृतिक आपदा से राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *