शंकराचार्य का बड़ा बयान: कहा योगी साधु नहीं, बुलडोजर बाबा हैं

शंकराचार्य का बड़ा बयान: कहा योगी साधु नहीं, बुलडोजर बाबा हैं
*अवैध घुसपैठियों की भरमार पर पर केंद्र सरकार को घेरा, दरबार लगाने वाले बाबाओं पर कंसा तंज,बोले आगामी चुनाव में मुख्य मुद्दा बनेगी गौमाता

झांसी।गौमाता को राष्ट्र माता बनाने के संकल्प को साकार करने उ प्र की यात्रा पर निकले ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने यहां बड़ा बयान दिया। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि योगी साधु नहीं वह तो बुलडोजर बाबा हैं। सिर्फ गेरुवा वस्त्र धारण करने से ही कोई साधु नहीं बन जाता है, उसे साधु जैसा आचरण भी करना चाहिए। कोई साधु यदि ताकतवर हो जायेगा या सत्ता पर काबिज हो जायेगा तो क्या लोगों पर बुलडोजर चढ़ाता घूमेगा। झांसी के कुंजबिहारी मंदिर में मीडिया से रुबरू होते हुए उन्होंने कहा कि सनातनियों के वोट से बनी इस सरकार में गौमाता की हालत बद से बदतर हो गयी है। गौ आश्रय स्थलों में गौसेवा के नाम पर दो हजार करोड़ रुपये जारी करने की बात सुनने में तो अच्छा लगती है परन्तु धरातल पर हो रही जमकर लूट खसोट और‌ भ्रष्टाचार के चलते गौ आश्रय स्थलों में कई स्थानों पर जीवित गौमाता को कुत्ते नोंच- नोंचकर अपना ग्रास बना रहे हैं। वहां के हालात ही उजागर नहीं होते। भ्रष्टाचारियों का मकड़जाल इतना मजबूत है कि वहां कैमरे भी नहीं पहुंच पाते। उन्होंने प्रदेश और‌ देश की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि पहले देश विश्व गुरु था पर अब भाजपा के शासनकाल में देश कसाई गुरु बनने के कगार पर है। उन्होंने बंगाल में हाल ही बनी शुभेंद्रु सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि गौमाता तो गौमाता है, चौदह वर्ष से अधिक उम्र हो जाने पर क्या वह गौमाता नहीं रहेगी। यदि उनकी गौमाता के प्रति सच्ची आस्था है तो 1950 के पुराने कानून को लागू न‌ करके उन्हें गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने हेतु नया कानून बनाना चाहिये। बंगाल में अवैध‌ घुसपैठियों के मुद्दे पर ममता सरकार को क्लीन चिट देते हुए उन्होंने केंद्र सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा कि बार्डर तो केंद्र के अधीन होता है,फिर भी पूरे देश में रोहिंग्या मुसलमानों की भरमार है उसके लिए केवल‌ और केवल केंद्र सरकार ही दोषी है।आस्था के नाम पर बुंदेलखंड में लग रहे दरबारों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि धीरेन्द्र शास्त्री अथवा जो भी विद्वान दरबार लगाकर भविष्य बताते हैं, मोदी सरकार का रक्षा मंत्रालय उन्हें कांट्रेक्ट देकर देश का भविष्य पता कर ले कि देश पर कौन सा संकट आने वाला है, जिससे देश का कल्याण होगा। आगामी 2027 के चुनाव में गौमाता को ही मुख्य मुद्दा बताते हुए उन्होंने कहा कि जो भी पार्टी गौमाता को राज्य माता या राष्ट्र माता घोषित करेगी उसे ही सनातनियों का आशीर्वाद मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *