Headlines

अंतर-महाविद्यालयीय क्रिकेट में DVC उरई और BKD झांसी की शानदार जीत

वेद शर्मा और हर्षित अग्रवाल ने बल्ले से दिखाया दम, हर्षित बने प्लेयर ऑफ द मैच

झांसी। एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस (SRGI), झांसी के तत्वावधान में आयोजित अंतर-महाविद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता के सुपर नॉकआउट चरण के पहले दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। इसमें दयानंद वैदिक कॉलेज (DVC), उरई और बुंदेलखंड कॉलेज (BKD), झांसी की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। पहले मुकाबले में DVC उरई ने श्री अग्रसेन महाविद्यालय, मऊरानीपुर को छह विकेट से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में BKD झांसी ने मेजबान SRGI को 65 रनों से करारी शिकस्त दी।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सचिव जिला क्रिकेट एसोसिएशन, झांसी बृजेंद्र यादव, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी प्रो. सूरज पाल सिंह कसाना तथा SRGI के प्रबंध निदेशक अभिनव राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

पहले मुकाबले में श्री अग्रसेन महाविद्यालय, मऊरानीपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में छह विकेट पर 117 रन बनाए। कप्तान राज नायक ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों पर तीन चौकों और आठ छक्कों की मदद से 67 रन बनाए, जबकि सरफराज वारसी ने 22 रनों का योगदान दिया। DVC उरई की ओर से अनमोल तिवारी और गिरधर सिंह ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में DVC उरई ने सलामी बल्लेबाज वेद शर्मा की शानदार नाबाद 62 रनों की पारी की बदौलत 9.5 ओवर में चार विकेट खोकर 121 रन बनाते हुए छह विकेट से मुकाबला जीत लिया। वेद ने 31 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके और तीन छक्के लगाए, जबकि अनमोल तिवारी ने 26 रन बनाए।

दूसरे मुकाबले में BKD झांसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में सात विकेट पर 118 रन बनाए। हर्षित अग्रवाल ने महज 11 गेंदों पर दो चौके और दो छक्कों की मदद से 27 रन, जबकि अमन ठाकुर ने 15 गेंदों पर 24 रन बनाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। SRGI की ओर से शिवम राजपूत और संजय पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान SRGI की टीम BKD के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 9.2 ओवर में 53 रनों पर सिमट गई। विनीत शर्मा ने 16 और कप्तान यादवेंद्र दांगी ने 13 रन बनाए। BKD की ओर से हर्षित अग्रवाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो ओवर में महज आठ रन देकर तीन विकेट झटके। कप्तान सैफ उद्दीन और अभिमन्यु यादव ने भी दो-दो विकेट हासिल किए। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए हर्षित अग्रवाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

प्रतियोगिता के पहले दिन दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी के साथ खेल भावना का परिचय दिया। इस दौरान SRGI के संकाय सदस्य, खेल समन्वयक, अन्य स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *