Headlines

इस्कॉन मंदिर की भजन मंडली के हरे रामा हरे कृष्णा संकीर्तन से भक्तिमय हुआ चालीहा महोत्सव*

*इस्कॉन मंदिर की भजन मंडली के हरे रामा हरे कृष्णा संकीर्तन से भक्तिमय हुआ चालीहा महोत्सव*

झांसी। 28वें पावन 40 दिवसीय भगवान श्री झूलेलाल चालीहा व्रत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम में इस्कॉन मंदिर की भजन मंडली द्वारा हरे रामा हरे कृष्णा महामंत्र का संकीर्तन किया गया। जैसे ही भजन मंडली ने हरे रामा हरे कृष्णा महामंत्र का मधुर एवं सामूहिक जाप शुरू किया, पूरा कार्यक्रम स्थल भक्तिरस में डूब गया। संकीर्तन की धुन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए।

इस्कॉन मंदिर की भजन मंडली ने सुंदर भजनों एवं महामंत्र के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई। ढोलक, मंजीरे और अन्य वाद्य यंत्रों की मधुर धुन के साथ कलाकारों ने ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि उपस्थित श्रद्धालु स्वयं को संकीर्तन से जोड़ने से नहीं रोक सके। महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ हरे रामा हरे कृष्णा, हरे कृष्णा हरे राम महामंत्र का जाप किया।

संकीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर और नृत्य करते हुए भगवान के नाम का गुणगान किया। पूरा परिसर जयकारों एवं महामंत्र की गूंज से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा वातावरण भगवान की भक्ति में एकाकार हो गया।

इस अवसर पर पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत के अध्यक्ष हरीश हासानी ने कहा कि भगवान के नाम का स्मरण और संकीर्तन मनुष्य के जीवन में शांति, सकारात्मकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि चालीहा महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का भी माध्यम है। उन्होंने इस्कॉन मंदिर से आए सभी कलाकारों, अतिथियों एवं कार्यक्रम में उपस्थित प्रत्येक श्रद्धालु का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि सभी के सहयोग एवं सहभागिता से यह आयोजन निरंतर भव्यता प्राप्त कर रहा है।

झूलेलाल सिंधी सेवा मंडल के अध्यक्ष आकाश खियानी ने कहा कि चालीहा महोत्सव में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं को भक्ति और सेवा के मार्ग से जोड़ते हैं। इस्कॉन मंदिर की भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत महामंत्र संकीर्तन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से भगवान का नाम लेने से मन को शांति मिलती है और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं एकता की भावना मजबूत होती है।

कार्यक्रम के दौरान भगवान श्री झूलेलाल की आरती एवं पूजा-अर्चना भी श्रद्धापूर्वक की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री झूलेलाल के समक्ष शीश नवाकर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। आरती के समय पूरा परिसर भगवान श्री झूलेलाल के जयकारों से गूंज उठा।

धार्मिक कार्यक्रम के उपरांत भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद एवं भोजन ग्रहण किया।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने इस्कॉन मंदिर की भजन मंडली के कलाकारों एवं सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

चालीहा महोत्सव के इस भक्तिमय आयोजन में हरीश हासानी, आकाश खियानी, जय किशन फब्यानी, अनिल पमनानी, मुरली हीरवानी, विनोद खियानी, हर्ष कुकरेजा, कमल हिरवानी, बबीता हासानी, अंजलि बचवानी, आरना कुकरेजा, सिमरन खेमचंदानी सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे उपस्थित रहे।

*दिनेश कोडवानी*
*मीडिया प्रभारी सिंधी समाज झांसी*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *