कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा जन्मजात दोष से ग्रसित बच्चों के संबंध में जारी की गई
*जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित किशोरी को किया गया संदर्भित*
*जन्मजात दोषों से पीड़ित बच्चों के उपचार में की जाती है सहायता – डॉ शिशिर पुरी*
*विगत वर्ष 12 जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की कराई गई थी सर्जरी*
*न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट, हाइड्रोसिफेलस, कटे होंठ व तालु, जन्मजात मोतियाबिंद, जन्मजात बहरापन आदि से पीड़ित बच्चों का भी होता है उपचार*
*झांसी दिनांक 12 जून 2026*
स्वास्थ्य विभाग झांसी द्वारा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत नवजात शिशु से लेकर किशोर-किशोरियों में पाए जाने वाले जन्मजात दोषों के उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है, यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ शिशिर पुरी ने बताया कि जन्मजात हृदय रोग से ग्रसित किशोरी को उपचार हेतु जिला अर्ली इंटरवेंशन सेंटर झांसी से किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ भेजा गया है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जन्म लेने वाले सभी शिशुओं में जन्मजात दोषों की पहचान मेडिकल टीम द्वारा की जाती है। चिन्हित पाए गए जन्मजात दोषों से ग्रसित बच्चों को उनकी बीमारी के अनुसार उपचार प्रदान किया जाता है। इनमें से न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट व हाइड्रोसिफेलस (सिर का बड़ा होना) जैसे जन्मजात दोष का इलाज महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में किया जाता है। जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ अथवा अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी अलीगढ़ भेजा जाता है। क्लेफ्ट लिप एवं पैलेट(कटे-फटे होंठ एवं तालु) और जन्मजात मोतियाबिंद का इलाज महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में किया जाता है। इसी प्रकार क्लब फुट (टेढ़े पैर) का इलाज जिला अस्पताल झांसी में उपलब्ध है और जन्मजात बहरापन से पीड़ित बच्चों का इलाज कानपुर एवं लखनऊ भेजकर कराया जाता है। 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों में कोक्लियर इंप्लांट (मध्य कर्ण) का भी नि:शुल्क उपचार प्रदान किया जाता है।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत डीईआईसी मैनेजर श्री रामबाबू कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में प्रत्येक ब्लॉक में दो टीम सहित नगरीय क्षेत्र में एक टीम कार्यरत है, जो क्षेत्रीय आशाओं के माध्यम से जन्मजात दोष से पीड़ित बच्चों की पहचान करती है तथा कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित सर्जरी योग्य परिस्थितियों के बच्चों के निःशुल्क उपचार में सहायता प्रदान करती हैं। बच्चों का संदर्भन तथा उपचार संबंधित चिकित्सालय में निःशुल्क किया जाता है। विगत वर्ष जन्मजात हृदय रोग से ग्रसित 12 बच्चों की सर्जरी कराई गई थी। यदि किसी नवजात अथवा किशोर किशोरी में जन्मजात बीमारियां पाई जाती है तो कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी में श्री रामबाबू कुमार से मोबाइल नंबर 7379798118 पर संपर्क कर सकते हैं।
