राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन में गूंजीं पत्रकार हितों की आवाज़, बुंदेलखंड रत्न सम्मान से विभूतियाँ अलंकृत
मुख्य अतिथि डॉ. संदीप बोले- लोकतंत्र की सबसे सशक्त कड़ी हैं पत्रकार, उनके सम्मान और सुरक्षा को मिले सर्वोच्च प्राथमिकता
झाँसी। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की वीरभूमि झाँसी स्थित आईएमए भवन रविवार को पत्रकारिता, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों के अद्भुत समागम का साक्षी बना। नेशनल पत्रकार एसोसिएशन भारत के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन एवं बुंदेलखंड रत्न सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात समाजसेवी डॉ. संदीप सरावगी रहे, जबकि महापौर बिहारी लाल आर्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, एमएलसी प्रतिनिधि आर.पी. निरंजन, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष ऊँचाई प्रदान की।
सम्मेलन में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, सामाजिक संरक्षण तथा बदलते दौर में पत्रकारिता की चुनौतियों पर गंभीर और सार्थक मंथन हुआ। वक्ताओं ने कहा कि आज निष्पक्ष पत्रकारिता करना अत्यंत साहस और समर्पण का कार्य बन चुका है। अनेक कठिन परिस्थितियों के बावजूद पत्रकार समाज और जनहित के मुद्दों को पूरी निष्ठा से सामने लाने का दायित्व निभा रहे हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. संदीप सरावगी ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की सुदृढ़ता पत्रकारों की निर्भीकता और निष्पक्षता पर आधारित है। पत्रकार केवल समाचारों के वाहक नहीं, बल्कि समाज की चेतना के प्रहरी हैं। उन्होंने पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए ठोस नीतियाँ बनाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
सम्मेलन में केंद्र एवं राज्य सरकार से पत्रकारों के लिए आवास, पेंशन, रेल यात्रा में रियायत, स्वास्थ्य सुविधाएँ, बीमा तथा पत्रकार एवं उनके परिवार की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की पुरज़ोर मांग की गई। विभिन्न राज्यों से आए पत्रकार प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखते हुए पत्रकार एकजुटता और संगठन की मजबूती पर बल दिया।
कार्यक्रम का सांस्कृतिक पक्ष भी अत्यंत आकर्षक रहा। मथुरा-वृंदावन से आए सांस्कृतिक दल ने श्रीराधा-कृष्ण की मनोहारी लीलाओं एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। मधुर संगीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को भक्तिरस और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर देशभर से आए लगभग 150 पत्रकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को ‘बुंदेलखंड रत्न सम्मान’ से अलंकृत किया गया। अतिथियों ने सभी सम्मानित जनों को स्मृति चिह्न एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके योगदान का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार पवन झा, पं. रामगोपाल शर्मा, शीतल तिवारी, रामकिशन अकेला, रामसेवक अरजरिया, ओमप्रकाश परिहार, आलोक श्रीवास्तव, अतर सिंह परिहार, धर्मेंद्र तिवारी, विजय दुबे, मृदुल तिवारी, राकेश सेन, आशीष उपाध्याय, बिहारीलाल साहू, मनोज ओझा, धीरेन्द्र रायकवार, मनोज राय, अनूप साहू, फिरोज अली, आनंद साहू सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
साथ ही एसोसिएशन संरक्षक सुधीर जैन, जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह गौर, महिला जिलाध्यक्ष पुष्पा झा, रामजी परिहार, छत्रपाल सिंह राजपूत, अक्षय जैन, राजेन्द्र सिंह बुंदेला, लला महाराज, सोनू शिवहरे, कमलेश झा, अमित सोनी, राजेश्वरी रचना, हरीश चंद विद्रोही, मिलन परिहार, प्रज्ञा राजपूत, सोनम तिवारी, सुनीता सिंह, आरती अग्रवाल सहित विभिन्न राज्यों से आए पत्रकार प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रहीश फरीदी (ग्वालियर) एवं मंगल सिंह सेंगर ने किया, जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिनंदन जैन ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता का श्रेय सभी प्रतिभागियों को दिया।
