*स्वच्छोत्सव 2026 के अंतर्गत बांदा एवं महाराजा छत्रसाल छतरपुर स्टेशन पर सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध जागरूकता अभियान आयोजित*
स्वच्छोत्सव 2026 के अंतर्गत बांदा एवं महाराजा छत्रसाल छतरपुर स्टेशन पर सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग के विरुद्ध विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलकर्मियों द्वारा यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए इसके न्यूनतम उपयोग का आह्वान किया गया। यात्रियों को बताया गया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के साथ स्वच्छता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
अभियान के दौरान यात्रियों को प्रेरित किया गया कि वे यात्रा के समय प्लास्टिक की एकबारगी उपयोग वाली बोतलों के बजाय अपने घर से पानी की बोतल लेकर चलें तथा उसका पुनः उपयोग करें। साथ ही यात्रियों से अपील की गई कि वे प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर न फेंकें और रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए टिकाऊ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। यह अभियान मिशन लाइफ की भावना के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
