🌻 *60 गौरवशाली वर्षों का उत्सव: हरिनाम संकीर्तन से झाँसी में जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ* 🌻
हरिनाम संकीर्तन यात्रा में गूंजा “हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे”
अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के 60 गौरवशाली वर्षों का उत्सव विश्वभर में उत्साह एवं भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में इस्कॉन झाँसी द्वारा भव्य हरिनाम संकीर्तन यात्रा के साथ जन्माष्टमी महोत्सव एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया।
हरिनाम संकीर्तन यात्रा हरे कृष्ण मंदिर, इस्कॉन से प्रारंभ होकर सिटी चर्च, सिंधी तिराहा, कोतवाली का ढाल, गंधीघर का टपरा, सराफा बाजार, पोस्ट ऑफिस, जवाहर चौक, मालिनों का चौराहा, मुरली मनोहर मंदिर, गांधी रोड, सुभाष गंज एवं रानी महल होते हुए पुनः मंदिर पर सम्पन्न हुई। आकर्षक रथ पर श्री राधा-कृष्ण के विग्रह विराजमान थे। महामंत्र के संकीर्तन से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुओं ने नृत्य एवं कीर्तन के माध्यम से भगवान के पवित्र नाम का आनंद लिया। यात्रा के दौरान आमजन को महाप्रसाद भी वितरित किया गया। इस्कॉन भक्तों ने बताया कि हरिनाम संकीर्तन की परंपरा स्वयं श्री चैतन्य महाप्रभु ने व्यापक रूप से प्रारंभ की, जिसे कलियुग में भगवान की प्राप्ति का सरल एवं प्रभावी साधन बताया गया है। श्रीमद्भागवत में कहा गया है— “कलेर्दोषनिधे राजन् अस्ति ह्येको महान् गुणः। कीर्तनादेव कृष्णस्य मुक्तसङ्गः परं व्रजेत्॥”— श्रीमद्भागवतम् 12.3.51 अर्थात कलियुग दोषों का भंडार है, किंतु इसमें एक महान गुण है—भगवान श्रीकृष्ण के नाम का संकीर्तन मात्र करने से मनुष्य भौतिक बंधनों से मुक्त होकर परम लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।
श्री चैतन्य महाप्रभु ने भी हरिनाम संकीर्तन को जन-जन तक पहुँचाया और “हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे। हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे” महामंत्र के संकीर्तन को जीवन में आध्यात्मिक उन्नति का सरल मार्ग बनाया। इस्कॉन झाँसी के तत्वावधान में 2, 3 एवं 4 सितंबर 2026 को क्राफ्ट मेला मैदान में भव्य जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय आयोजन में युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम, भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव सहित विभिन्न आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन वृन्दावन से पधारे श्री केशव दास जी द्वारा किया जा रहा है, जिसमें भक्तों को श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं भक्ति के संदेश से परिचित कराया जा रहा है। इस्कॉन झाँसी के अध्यक्ष ब्रजभूमि दास, उपाध्यक्ष व्रज जन रंजन दास, प्रिय गोविन्द दास, श्याम विलास दास, महेश्वर चंद्र दास एवं भक्त विपिन ने समस्त बुंदेलखंडवासियों से अपने परिवार सहित जन्माष्टमी महोत्सव में सम्मिलित होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लेने का विनम्र आह्वान किया। संकीर्तन यात्रा के सफल आयोजन में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का पीयूष रावत ने आभार व्यक्त किया।
