प्रयागराज/लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नौकरियों में संगठित रूप से घोटाला कर रही है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा बनाये गये संविधान के अनुसार हक और सम्मान नहीं दे रही है। भाजपा सरकार ने 22 भर्ती परीक्षाओं में मनमाने तरीके से आरक्षण की लूट की है। 69 हजार शिक्षक भर्ती 2019 में आबीसी को 27 फीसदी की जगह 3.8 फीसदी, एससी को 21 फीसदी की जगह 16.2 फीसदी और एसटी को 2 फीसदी की जगह शून्य आरक्षण मिला है। उन्हांेने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पीडीए आडिट अंक-1 पीडीए आरक्षण घोटाला बुकलेट में 22 भर्ती परीक्षाओं में आरक्षित सीटों की लूट का आंकड़ा जारी किया, लेकिन भाजपा सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया। मुख्यमंत्री जी के जिले में सैकड़ों प्राइमरी स्कूल बंद हो गये हैं। उसका भी कोई जवाब नहीं है। समाजवादी पार्टी ने अयोध्या में हो रहे भ्रष्टाचार और गोरखधंधा की रिपोर्ट जारी की थी। लेकिन भाजपा ने एक का भी जवाब नहीं दिया।
रविवार को प्रयागराज में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने नौजवानों को धोखा दिया। झूठा वादा किया। भाजपा सरकार में लगातार पेपर लीक हो रहे है। महाराष्ट्र में कल भी टीईटी का पेपर लीक हो गया। यूपी भाजपा सरकार में कई भर्ती परीक्षाएं लीक हो चुकी है। 2017 में दरोगा भर्ती परीक्षा, जूनियर इंजीनियरिंग भर्ती यूपीपीसीएल 2018, ग्राम विकास पंचायत भर्ती 2018, नलकूप चालक भर्ती 2018, यूपी टीईटी परीक्षा 2021, दो बार यूपीपीएससी, हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा, इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2020, 2022, 2025, सिपाही भर्ती, आरओ एआरओ, यूजीसी नेट 2024, एसएसएसी जीडी 2026, लेखपाल भर्ती 2026 की परीक्षाएं लीक हो चुकी है। दरोगा भर्ती परीक्षा 6साल तक लटकी रही, परिणाम हाई कोर्ट से रद्द हुआ।
अखिलेश यादव बोले – नौजवानों को भर्तियों की उम्र सीमा में राहत मिलनी चाहिए। समाजवादी सरकार आने पर पेपर लीक और अन्य वजहो से जिन युवाओं की उम्र सीमा निकल गयी है, उन्हें तीन वर्षो की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। समाजवादी सरकार में भर्ती परीक्षाओं का एक कलेण्डर होगा, हर विभाग की भर्ती परीक्षाओं का कलेण्डर जारी किया जाएगा। नोटिफिकेशन, परीक्षा और नियुक्ति की समय सीमा पहले से तय होगी। जिससे भर्तियां वर्षों तक लटकी नही रहें। छात्रों को अपने जिले या नज़दीकी परीक्षा केन्द्र देने की व्यवस्था होगी। महिला अभ्यर्थियों या दिव्यांग को गृह जिले में परीक्षा केन्द्र की प्राथमिकता मिलेगी। परीक्षा प्रणाली सुरक्षित बनायी जाएगी। प्रिन्टिंग, ट्रांसपोर्ट स्ट्रांग रूम परीक्षा केन्द्र तक पूरी प्रक्रिया सीसी टीवी और डिजिटल टैªकिंग में रहेगी। पेपर लीक के दोषियों पर सीधी कार्रवाई, समयबद्ध जांच और फास्ट ट्रैक कोर्ट से सजा। अगर सरकारी कारण से परीक्षा लीक हुई तो दोबारा परीक्षा फीस नहीं, और एडमिट कार्ड से मुफ्त यात्रा की व्यवस्था होगी।
कहा कि जो नेशन फर्स्ट की बात करते थे उनके लिए डोनेशन फर्स्ट है। इनकी निगाहें नेशन पर नहीं डोनेशन पर है। अयोध्या प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना बेहद चिंता जनक है। आस्था के साथ खिलवाड़ है। डोनेशन के तार सीधा कर्नाटक और महाराष्ट्र से जुड़े हैं। जो ठेके पर नकली वोटर भेजते थे, उनका भंडा फूट गया। जनता राम धन का हिसाब मांग रही है।
लखनऊ में कोचिंग अग्निकांड की घटना पर अखिलेश यादव बोले- अगर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो इतने बच्चों की जान नहीं जाती। अगर सरकार से कोई सवाल करता है तो उसको सरकारी संस्थाओं से परेशान किया जाता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सबको साथ लेकर सरकार बनाकर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेगी। भाजपा ने पीडीए समाज को धोखा दिया है। पीडीए समाजवादी पार्टी के साथ है। भाजपा की प्राथमिकता धर्म नहीं धन है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओ-बेटियों के साथ घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। भ्रष्टाचार चरम पर है। थाना, तहसील से लेकर हर स्थान पर जनता को भ्रष्टाचार से सामना करना पड़ रहा है। भाजपा सरकार में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, आरक्षण की लूट, रामनगरी में हुए गोरखधंधा का कोई जवाब नहीं है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। भाजपा सरकार में अपराध बढ़ता जा रहा है, क्योंकि भाजपा पुलिस से राजनैतिक काम ले रही हैं। भाजपा के मुख्यमंत्री ने अपने ऊपर लगे मुकदमों को वापस लिया, साथ में डिप्टी सीएम के ऊपर लगे मुकदमों को भी वापस लिया है। सभी लोग जानते हैं ये मुकदमें गंभीर धाराओं के थे।
यादव ने कहा कि समय-समय पर हाईकोर्ट और सुप्रीमकोर्ट ने इस सरकार के काम करने के तरीके पर लताड़ा है। भाजपा सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा था। यूपी में कई फेक एनकाउण्टर हुए है, जिन पर सवाल खड़े हुए है। फर्जी एनकाउण्टर को लेकर पुलिस के पास जवाब नहीं है। फर्जी एनकाउण्टर में जब पुलिस फंसती है तो भाजपा के लोग साथ नहीं खड़े होते हैं। भाजपा किसी की सगी नहीं है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन मजबूत है, इसे और मजबूत किया जाएगा।
